हिंदी फिल्मों में 'ट्रेजडी क्वीन' के नाम से मशहूर दिवंगत अभिनेत्री मीना कुमारी के जीवन पर एक वेब सीरीज बनने वाली है। इस वेब सीरीज का निर्माण हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए एक वेब सीरीज 'मस्तराम' का निर्माण कर चुकीं प्रभलीन कौर करेंगी। इस सीरीज को बनाने के लिए उन्होंने अश्वनी भटनागर की मीना कुमारी के जीवन पर आधारित लिखी किताब 'मेहजबीन ऐज मीना कुमारी' के अधिकार खरीदे हैं।
हिंदी सिनेमा की 'ट्रेजडी क्वीन' पर बनेगी वेब सीरीज, इस लेखक की किताब के खरीदे गए अधिकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस सीरीज का निर्माण करने को लेकर प्रभलीन बहुत ज्यादा उत्साहित हैं और इसकी घोषणा करते हुए वह कहती हैं, 'मेरे लिए यह एक सपना पूरा होने जैसा है। मीना कुमारी के नाम से बड़ा और उनके जीवन से ज्यादा सुंदर मेरे लिए और कुछ नहीं है। फिल्म को सच्चाई के ज्यादा करीब ले जाने के लिए हमने हिंदी फिल्म पत्रकारिता के सर्वश्रेष्ठ लोगों को काम पर रखा है, ताकि वह सही तथ्यों की जानकारी दे सकें। हमारा इरादा इस वेब सीरीज के साथ शुरुआत करने का है और इसके बाद हमारी एक फीचर फिल्म बनाने की भी योजना है। अपने इस प्रोजेक्ट को लेकर हम किसी भी प्रकार की जल्दबाजी में नहीं हैं।'
A post shared by Prabhleen Kaur (@imprabhleenkaur) on
फिलहाल इस वेब सीरीज का निर्देशन कौन करेगा और इसमें कौन से कलाकार रहेंगे? इस बारे में निर्माताओं ने अभी कोई खुलासा नहीं किया है। इस सीरीज को बनाने के लिए अश्वनी भटनागर की किताब का चयन किया गया है। इसके लिए वह अपने आप को बहुत सौभाग्यशाली समझते हैं। इस प्रोजेक्ट के बारे में अश्वनी कहते हैं, 'मैं प्रभलीन जैसे प्रोडक्शन हाउस के साथ काम करने को लेकर बहुत खुश हूं। उन्हें चुनौतीपूर्ण सामग्री तैयार करने के लिए जाना जाता है। बेशक वह मीना कुमारी की जिंदगी से जुड़े दूसरे तथ्यों पर भी ध्यान देंगी। लेकिन, तटस्थ दृष्टिकोण से उनके जीवन का पहला प्रमाणित चित्रण मेरी किताब में ही है।'
बता दें कि मीना कुमारी को साहिब बीवी और गुलाम, पाकीजा, मेरे अपने, बैजू बावरा, दिल अपना और प्रीत पराई, दिल एक मंदिर, काजल जैसी कई सुपरहिट फिल्में में उनकी शानदार भूमिका के लिए जाना जाता है। उन्होंने 39 वर्ष की आयु में ही 31 मार्च 1972 को यह दुनिया छोड़ दी थी।
इस वेब सीरीज में मीना कुमारी के करियर और विवादों के सभी पहलुओं को शामिल किया जाएगा। प्रभलीन इससे पहले वेब सीरीज 'मस्तराम' का निर्माण कर चुकी हैं और सिक्सटीन, शाहिद, फ्राईडे जैसी कई फिल्मों में एक अभिनेत्री के रूप में भी उन्होंने काम किया है।