हरियाणा के पानीपत में रोहतक-पानीपत रोड पर डाहर गोल चक्कर के पास गुरुवार सुबह साढ़े नौ बजे तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ओवरटेक करने में डंपर में टक्कर मार दी। पीछे से टक्कर लगने से डंपर असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बस में सवार करीब 30 यात्री भी घायल हुए हैं। इन्हें सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों से रोड से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। प्रत्यक्षदर्शी गांव मांडी निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह गुरुवार को निजी काम से गांव से पानीपत शहर जा रहा था। जब वह डाहर गोल चक्कर के पास पहुंचा तो पीछे से तेज रफ्तार रोडवेज बस आई और डंपर के पीछे टकरा गई।
2 of 5
नरेश फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
डंपर पलटने से नीचे दबने और सिर पर गंभीर चोट के कारण चालक नरेश कुमार (35) पुत्र सुखबीर की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद नरेश के शव को बाहर निकाला। रोडवेज बस में सवार करीब 30 लोग भी घायल हो गए। इस बीच आरोपी रोडवेज बस चालक मौके से फरार हो गया। बस में सवार अंबाला निवासी चंदन कुमार (40) ने बताया कि सोनीपत डिपो की रोडवेज बस रोहतक से चंडीगढ़ के लिए चली थी। वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ बस में सवार होकर अंबाला जा रहा था। रोडवेज बस चालक तेज रफ्तार में बस चला रहा था। उन्होंने समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने नहीं सुनी। टक्कर लगते ही बस में चीख पुकार मच गई। किसी के सिर तो किसी हाथ व पैर में चोट लगी। उसके अलावा बस में सवार गांव रेरकलां निवासी कर्मबीर (22), भिवानी निवासी राकेश (47), रामकिशन, शिव कुमार, चंद्रो देवी, राकेश और मंजू के साथ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए। सभी का सामान्य अस्पताल में इलाज हुआ।
डंपर पलटने से लगा जाम, पुलिस ने खुलवाया
3 of 5
सड़क पर पलटा हुआ डंपर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
डंपर पलटने से रोहतक पानीपत हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को हादसे की सूचना दी। सूचना पर पुलिस पहुंची और डंपर व रोडवेज बस को हटवाकर जाम खुलवाया। फिर मृतक के शव को सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया। वहां पर पुलिस ने परिजनों से पंचनामा भरवा कर शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
दो बच्चों का पिता था नरेश, तीन बहनों का था इकलौता भाई
4 of 5
सामान्य अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे घायल यात्री।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
परिजनों ने बताया कि डंपर चालक नरेश शादीशुदा था। उसके दो बच्चे है, बड़ा बेटा करीब 10 वर्षीय अस्मित है और एक सात वर्षीय छोटा बेटा है। नरेश तीन बहनों का इकलौता भाई था। वह पहले खेतीबाड़ी करता था। एक साल पहले ही नरेश ने डंपर पर ड्राइवर की नौकरी शुरू की थी। वीरवार को वह डंपर लेकर पानीपत जा रहा था।
5 of 5
सामान्य अस्पताल में इलाज कराते घायल यात्री।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी थी, प्रत्यक्षदर्शी राजेश की शिकायत पर आरोपी बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, आरोपी की तलाश की जा रही है। - इंस्पेक्टर दीपक कुमार,इसराना थाना प्रभारी