नेशनल कांफ्रेंस के पूर्व एमएलसी त्रिलोचन सिंह वजीर का शनिवार को जम्मू में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, देवेंद्र राणा समेत कई बड़े नेता भी मौजूद रहे। वजीर की हत्या से परिवार सदमें में है। प्रदेश के ट्रांसपोर्टरों में रोष है। वजीर ऑल जम्मू-कश्मीर ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन भी थे।
पूर्व एमएलसी त्रिलोचन सिंह: अंतिम संस्कार में उमड़ा जन सैलाब, उमर अब्दुल्ला भी पहुंचे
क्राइम ब्रांच की टीम हरप्रीत की गर्लफ्रेंड से भी पूछताछ करेगी। हालांकि स्थानीय मोती नगर थाना पुलिस उसकी गर्लफ्रेंड से पूछताछ कर चुकी है। मोती नगर थाना पुलिस की पूछताछ में हरप्रीत की गर्लफ्रेंड ने बताया कि हरप्रीत के पास उसका कुछ सामान था। वह इसे लेने के लिए आई थी। उसने बताया कि हरप्रीत के जाने के बाद उसकी कोई बातचीत नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों के फोन कॉल डिटेल के जरिये इस बात का पता लगा रही है कि घटना से पहले और बाद में उनकी किन लोगों से बात हुई है। हालांकि हत्या किस मकसद से की गई, इसका खुलासा पुलिस अभी तक नहीं कर पाई है।
जुलाई में भी रची थी हत्या की साजिश
सूत्रों ने बताया कि दो टीमें जम्मू, एक अमृतसर तथा कुछ टीमें दिल्ली में आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार जिस फ्लैट में हत्या हुई वह जनवरी में किराए पर लिया गया था। मकान मालिक को बताया गया था कि 10 सितंबर को इसे खाली कर दिया जाएगा। पुलिस के अनुसार हत्या की साजिश जुलाई में रची गई थी, लेकिन उस समय उसे अंजाम नहीं दिया जा सका।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हरप्रीत एक पत्रकार के रूप में वजीर से दिल्ली में मिला था। उसने बताया कि वह एक अखबार तथा वेबसाइट चलाता है जिसका बड़ा पाठक वर्ग है। उसने इंटरव्यू के लिए भी कहा था। इस दौरान उसने वजीर से फ्लैट पर ही रुकने के लिए कहा था। हरप्रीत ने एयरपोर्ट तक छोड़ने के लिए कहा था। बताते हैं कि फ्लाइट पकड़ने से पहले वजीर ने अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बात की थी। इस दौरान हरप्रीत भी वजीर के साथ था।
ऑल जेएंडके ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान विजय चिब के अनुसार तमाम ट्रांसपोर्टर तबका पूर्व एमएलसी की मौत से स्तब्ध है। दो सितंबर को वजीर जम्मू से दिल्ली गए थे। जाने से पहले उन्होंने बताया था कि उनके कनाडा में रहने वाले बेटे के घर बेटी हुई है। वह उससे मिलने के लिए जा रहे हैं और अब 15 दिन तक वहीं पर रहेंगे।