मस्तिष्क को हमारे पूरे शरीर का कंट्रोलर माना जाता है। हाथों-पैरों को हिलाने से लेकर चलने-उठने, डर-खुशी जैसी सारी भावनाएं और शारीरिक गतिविधियां यहीं से कंट्रोल होती हैं। सोचिए अगर आपके ब्रेन में ही कोई समस्या हो जाए तो इसका पूरे शरीर पर किस तरह से गंभीर असर हो सकता है? ब्रेन में ट्यूमर होना, ऐसी ही गंभीर स्थिति है जिसके कम उम्र में भी लोग शिकार होते जा रहे हैं।
Headache & Brain Tumor: ब्रेन ट्यूमर के लक्षणों को माइग्रेन समझकर इग्नोर तो नहीं कर रहे आप? ऐसे करें पहचान
ब्रेन ट्यूमर के कारण होने वाला सिरदर्द माइग्रेन जैसा हो सकता है,जैसे सिर के एक तरफ तेज दर्द। हालांकि, ट्यूमर का सिरदर्द आम तौर पर लगातार दबाव जैसा महसूस होता है जो समय के साथ बढ़ता जाता है। कैसे समझें आपके दर्द के पीछे की वजह क्या है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्या आपको भी बार-बार होता है सिरदर्द?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सिरदर्द को अक्सर हम सभी थकान, तनाव, नींद की कमी या मौसम बदलने से जोड़कर नजरअंदाज कर देते हैं। कई बार दर्द की गोली लेने के बाद आराम मिलते ही इसके कारणों को भूल जाते हैं। पर अगर यही सिरदर्द बार-बार हो रहा हो, हर बार काफी तीव्रता के साथ होता हो या फिर इसके साथ उल्टी, धुंधला दिखने या शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी जैसा लगे तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। कई बार ये ब्रेन ट्यूमर की तरफ संकेत हो सकता है।
- ब्रेन ट्यूमर तब होता है जब मस्तिष्क या उसके आसपास की कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से बढ़ने लगती हैं। वैसे तो सभी ब्रेन ट्यूमर कैंसर नहीं होते, लेकिन कुछ मामलों में कैसर का भी खतरा हो सकता है।
- ब्रेन ट्यूमर की स्थिति बच्चों से लेकर किशोरों और बुजुर्ग किसी में भी हो सकता है।
- यदि लगातार सिरदर्द, दौरे पड़ने, व्यवहार में बदलाव, याददाश्त की समस्यe के साथ बोलने में कठिनाई जैसे लक्षण दिखाई दें, तो इसपर गंभीरता से ध्यान देते रहने की आवश्यकता होती है।
ब्रेन ट्यूमर के लक्षण माइग्रेन जैसे क्यों लगते हैं?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ब्रेन ट्यूमर के लक्षण कई बार माइग्रेन से मिलते-जुलते हो सकते हैं। दोनों में सिरदर्द एक प्रमुख लक्षण देखा जाता है।
- ट्यूमर बढ़ने पर मस्तिष्क के भीतर दबाव बढ़ सकता है या आसपास के ऊतकों पर असर पड़ सकता है, जिससे सिरदर्द, मतली और कभी-कभी रोशनी या आवाज से परेशानी जैसी शिकायतें हो सकती हैं। ये भी लक्षण माइग्रेन वाले लोगों में भी देखे जाते रहे हैं।
ब्रेन ट्यूमर और माइग्रेन में अंतर कैसे करें?
ब्रेन ट्यूमर और माइग्रेन दोनों स्थितियां बिल्कुल अलग हैं। इसके लक्षणों में अंतर करना जरूरी है।
- माइग्रेन का दर्द कुछ घंटों से लेकर एक-दो दिन तक रह सकता है और दवाओं या आराम से कम हो जाता है। कई लोगों में तनाव, हार्मोनल बदलाव, नींद की कमी या कुछ खाद्य पदार्थ माइग्रेन को ट्रिगर कर सकते हैं।
- इसके विपरीत, यदि आपको ऐसा लगे कि आपको गंभीर सिरदर्द महसूस हो रहा है और दर्द लगातार बढ़ रहा है, सुबह उठते ही दर्द ज्यादा होता है तो ये ब्रेन ट्यूमर की ओर इशारा हो सकता है।
- इसके अलावा ब्रेन ट्यूमर के कई मामलों में बार-बार दौरे पड़ने, बोलने या देखने में समस्या हो, व्यक्तित्व में बदलाव दिख रहा हो या फिर शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लें। ऐसे लक्षण मस्तिष्क से जुड़ी गंभीर समस्याओं या ब्रेन ट्यूमर की ओर इशारा हो सकते हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।