सिर में दर्द होने की समस्या काफी आम है, ये किसी को भी हो सकती है। आमतौर पर सिरदर्द खुद से ही या फिर हल्के स्तर के उपचार के माध्यम से ठीक हो जाता है, पर अगर आपको अक्सर सिर में दर्द होता रहता है तो इसपर गंभीरता से ध्यान देना जरूरी हो जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कई बार अक्सर सिर में दर्द होना किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है, जिसे अनदेखा करना बड़े जोखिमों को जन्म देने वाला हो सकता है।
Headache: सिर के अलग-अलग हिस्सों में होने वाले दर्द का क्या मतलब है? इस तरह के दर्द को न करें अनदेखा
सिरदर्द विभिन्न प्रकार के हो सकते हैं, और उनका स्थान, तीव्रता, और लक्षण भी अलग-अलग हो सकते हैं। यही कारण है कि सिर के विभिन्न हिस्सों में होने वाले दर्द के संभावित कारणों के बारे में जानना भी जरूरी हो जाता है।
सिरदर्द को न लें हल्के में
सिरदर्द होने के कई कारण हो सकते हैं जिसमें तनाव, माइग्रेन और क्लस्टर जैसी स्थितियां शामिल हैं। कई बार संक्रमण, रक्त वाहिका की समस्याओं या चोट के कारण भी आपको सिरदर्द का अनुभव हो सकता है। मसलन सिर में होने वाला दर्द शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार की समस्याओं के कारण हो सकता है। आइए जानते हैं कि आपको होने वाले सिरदर्द के पीछे क्या कारण हो सकते हैं?
सिर के पिछले हिस्से में दर्द
यह सबसे सामान्य प्रकार का सिरदर्द है, जो सिर के पिछले हिस्से में दर्द का कारण बनता है। यह आमतौर पर गर्दन और खोपड़ी की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण होता है। तनाव की स्थिति में इस तरह का सिरदर्द होना काफी आम माना जाता है।
अध्ययनों से पता चलता है कि ओसीसीपिटल न्यूराल्जिया की समस्या के कारण भी आपको सिर के पिछले हिस्से में दर्द होता रह सकता है। यह दर्द गर्दन के ऊपरी हिस्से, कानों के पीछे, और आंखों तक फैल सकता है। अक्सर यह दर्द चुभने वाला या बिजली के झटके जैसा महसूस होता है।
सिर के एक तरफ (दाएं या बाएं) दर्द
सिर के एक तरफ होने वाले दर्द को आमतौर पर माइग्रेन का संकेत माना जाता है। इसमें सिर के एक तरफ तेज दर्द होता है, इसके साथ आपको मतली, उल्टी, और प्रकाश या ध्वनि के प्रति संवेदनशीलता का भी अनुभव होता रह सकता है। इसी तरह क्लस्टर सिरदर्द की स्थिति में भी कनपटी में या सिर के एक तरफ दर्द होता रहता है।
माथे और चेहरे के आसपास दर्द
माथे और चेहरे के आसपास होने वाले दर्द को आमतौर पर साइनस के कारण होने वाला सिरदर्द माना जाता है। साइनस संक्रमण के कारण होने वाले दर्द की स्थिति में माथे, गालों और आंखों के आसपास दबाव या दर्द महसूस होता है। इसके साथ नाक बंद होना और गंध की कमी जैसे लक्षण भी महसूस हो सकते हैं।
---------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।