Cholesterol & Heart Disease: हृदय रोग वैश्विक स्तर पर मौत का सबसे बड़ा कारण रहे हैं। हर साल इसके कारण लाखों लोगों की जान चली जाती है। साल 2022 के आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि इस साल दुनियाभर में लगभग 19.2 मिलियन (1.9 करोड़) लोगों की हृदय रोगों (सीवीडी) से मौत हो गई। ये संख्याएं पिछले वर्षों की तुलना में तेजी से बढ़ी हैं, साल 1990 में हृदय रोगों से मरने वालों की संख्या 1.31 करोड़ थी।
Heart Health: हृदय रोगियों के लिए बड़ी राहत, आ गई 60% तक कोलेस्ट्रॉल घटाने वाली कारगर दवा
- कोलेस्ट्रॉल की इस समस्या को कम करने के लिए विशेषज्ञों की टीम ने एक ऐसी कारगर दवा की जानकारी दी है जो बैड कोलेस्ट्रॉल को 55-60% तक कम करने में मददगार हो सकती है।
- अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के वैज्ञानिक सत्र 2025 में इससे होने वाले फायदों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है, जिसके आधार पर विशेषज्ञों की कहना है कि ये हार्ट के मरीजों के लिए काफी कारगर दवा हो सकती है।
कोलेस्ट्रॉल कम करने वाली दवा एनलिसिटाइड
मर्क कंपनी द्वारा विकसित इस प्रायोगिक दवा का नाम एनलिसिटाइड है। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के वैज्ञानिक सत्र 2025 में इससे होने वाले फायदों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है, जिसके आधार पर विशेषज्ञों की कहना है कि ये हार्ट के मरीजों के लिए ये काफी कारगर दवा हो सकती है।
मौजूदा समय में इस्तेमाल किए जाने वाले पीसीएसके9 अवरोधकों (इंजेक्शन) के विपरीत, एनलिसिटाइड पहली ओरल पीसीएसके9 अवरोधक है, जिसे दिन में बस एक बार लेनी होती है। इस दवा के अंतिम चरण के ट्रायल्स में पाया गया है कि पहले से ही स्टैटिन ले रहे रोगियों में ये बैड कोलेस्ट्रॉल को औसतन 55-60% तक कम कर सकती है। स्टैटिन को कोलेस्ट्रॉल कम करने की सबसे अच्छी दवा मानी जाती रही है।
60 प्रतिशत तक कम हो सकता है खतरा
मेडिकल रिपोर्ट्स और प्रेस विज्ञप्ति से पता चलता है कि एनलिसिटाइड, पीसीएसके9 नामक लिवर प्रोटीन को अवरुद्ध करती है, जो शरीर की कोलेस्ट्रॉल साफ करने की क्षमता को धीमा कर देती है। एक बार पीसीएसके9 अवरुद्ध हो जाने पर बैड कोलेस्ट्रॉल का स्तर कम होने लगता है।
फेज-3 के ट्रायल्स से पता चलता है कि जिन लोगों ने स्टैटिन जैसी कोलेस्ट्रॉल कम करने वाली दवाओं के साथ एनिसिटाइट दवा ली, उनमें 24 हफ्तों में कोलेस्ट्रॉल का स्तर 60 प्रतिशत तक कम पाया गया। नतीजतन ऐसे लोगों में हृदय रोगों का खतरा भी कम हो गया।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, इसके आगे के परिणामों पर नजर रखी जा रही है। अगर वृहद स्तर पर इसके परिणाम बेहतर रहते हैं तो ये हृदय रोगियों के लिए काफी कारगर दवा साबित हो सकती है।
इसके अलावा सभी लोगों को ब्लड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कंट्रोल में रखने के लिए लाइफस्टाइल और खान-पान को ठीक रखने वाले उपाय करते रहना चाहिए। कोलेस्ट्रॉल धीरे-धीरे बढ़ता है लेकिन नुकसान एक झटके में करता है। इसलिए इसे समय रहते नियंत्रित करना दिल को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक तरीका है।
कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रखने के उपाय जरूरी
दिल को स्वस्थ रखने और कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखने के लिए जरूरी है कि आप खानपान में बदलाव करें, नियमित व्यायाम, तनाव को कंट्रोल करने वाले उपायों के साथ और समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराते रहना जरूरी है।
रोजाना कम से कम 30 मिनट की वॉक, हरी सब्जियां, फल, ओट्स और नट्स जैसे फाइबरयुक्त खाद्य पदार्थ कोलेस्ट्रॉल को प्राकृतिक रूप से कम करने में मदद करते हैं। वहीं, तली-भुनी चीजें, रेड मीट और अधिक चीनी वाले खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखना जरूरी है।
--------------------------
स्रोत
Merck’s Enlicitide Decanoate, an Investigational Oral PCSK9 Inhibitor, Significantly Reduced LDL-C in Adults with Heterozygous Familial Hypercholesterolemia (HeFH) in Phase 3 CORALreef HeFH Trial
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
