होली के त्योहार की देशभर में धूम देखी जा रही है। उत्साह-उमंग और मेल-जोल के प्रतीक इस त्योहार को मिठाइयां और लजीज पकवान और भी खास बना देते हैं। गुझिया, ठंडाई और तरह-तरह की मिठाइयों का आनंद लेना इस पर्व की खास पहचान है। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को त्योहारों के दौरान अपनी सेहत को लेकर विशेष सावधानी बरतते रहने की भी सलाह देते हैं।
Holi 2026: गुझिया-पकवान शुगर के मरीजों के लिए बढ़ा न दें मुश्किलें? इन सावधानियों के साथ मनाएं हेल्दी त्योहार
Holi Health Tips: होली के पारंपरिक पकवान जैसे गुझिया, मिठाइयां और चीनी से बनी ठंडाई में हाई ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले तत्व होते हैं। इससे तेजी से शुगर बढ़ने का खतरा हो सकता है। आइए जानते हैं कि डायबिटीज के मरीज किन सावधानियों के साथ होली का पूरा आनंद ले सकते हैं?
त्योहारों में क्यों बढ़ जाता है शुगर बढ़ने का खतरा?
त्योहारों के दौरान शुगर मरीजों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, शुगर बढ़ जाए तो क्या करें? इस बारे में जानने के लिए हमने वरिष्ठ एंडोक्रोनोलॉजिस्ट डॉ अलतमश रिजवी से बातचीत की।
- स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, त्योहारों में तली-भुनी, ज्यादा चीनी वाली चीजें शुगर लेवल को बढ़ाने वाली हो सकती हैं।
- होली के पारंपरिक पकवान जैसे गुझिया, मिठाइयां और मीठे पेय का ग्लाइसेमिक इंडेक्स ज्यादा होता है।
- ये चीजें खून में ग्लूकोज के स्तर को तेजी से बढ़ाती हैं। वहीं तली हुई चीजें इंसुलिन रेजिस्टेंस को बढ़ा सकती हैं।
- इन चीजों के अधिक सेवन के कारण ब्लड शुगर तेजी से बढ़ने का खतरा रहता है।
डायबिटीज मरीज क्या बरतें सावधानियां?
डॉ बताते हैं, शुगर को कंट्रोल करने के लिए खान-पान के साथ-साथ दिनचर्या का ध्यान रखना भी जरूरी होता है।
- त्योहार के दौरान अगर मिठाई और पकवान खाना भी चाहते हैं तो बिना चीनी वाली या गुड़ से बनी चीजें खा सकते हैं।
- शुगर को कंट्रोल करने के लिए आहार में फाइबर वाली चीजों की मात्रा अधिक रखें। इसके अलावा साबुत अनाज और प्रोटीन युक्त चीजें भी खाएं।
- त्योहारों के दौरान खूब पानी पीते रहें, ये भी शुगर कंट्रोल के लिए जरूरी है।
- त्योहारों के दौरान शारीरिक गतिविधियां बंद न करें, इससे भी शुगर बढ़ने का जोखिम हो सकता है।
होली के दौरान क्या चीजें खाएं और क्या नहीं?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, शुगर बढ़ने से रोकने के लिए उन चीजों को डाइट में शामिल करें जिनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स को हो।
- गुझिया,मैदे से बनी चीजें और मीठे पेय तेजी से शुगर को बढ़ा देते हैं। इसकी जगह साबुत अनाज, दाल, पनीर, हरी सब्जियां और सलाद को आहार का हिस्सा बनाएं।
- मीठा खाने की इच्छा हो तो शुगर-फ्री वाली चीजें मिठाइयां खा सकते हैं।
- त्योहारों के दौरान तली-भुनी चीजों खाने से बचें।
- मीठे पेय और कोल्ड ड्रिंक्स की जगह नारियल पानी या बिना शक्कर वाली ठंडाई पी सकते हैं।
त्योहारों के दौरान अगर शुगर बढ़ जाए तो क्या करें?
शुगर कंट्रोल रखने की कोशिशों के साथ नियमित अंतराल पर ब्लड शुगर की जांच करते रहें। अगर शुगर लेवल बढ़ जाए तो इसे अनदेखा न करें।
- अगर ब्लड शुगर 200 mg/dL से ऊपर हो जाए तो तुरंत इसे कंट्रोल करने के तरीके अपनाएं।
- पर्याप्त पानी पिएं, ताकि अतिरिक्त ग्लूकोज पेशाब के जरिए बाहर निकल सके।
- हल्की वॉक करने से मांसपेशियां ग्लूकोज का उपयोग करती हैं और शुगर को कंट्रोल किया जा सकता है।
- डॉक्टर द्वारा बताई गई दवा या इंसुलिन का बिना लापरवाही सेवन करते रहें।
- अगर शुगर कंट्रोल के उपायों को बावजूद ये कंट्रोल न हो रहा हो तो तुरंत किसी डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।