अच्छी सेहत चाहते हैं तो खान-पान को ठीक रखना बहुत आवश्यक माना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी लोगों को ऐसे चीजों का सेवन अधिक से अधिक करना चाहिए जिससे शरीर के लिए जरूरी अधिकतर पोषक तत्व आसानी से प्राप्त हो सकें। अध्ययनों से पता चलता है कि हमें नियमित रूप से कई प्रकार के विटामिन्स की जरूरत होती है। विटामिन-ए उनमें से एक है।
Vitamin-A: आंखों की रोशनी बढ़ाने के अलावा विटामिन-ए के और भी कई सारे फायदे, क्या आपके आहार में है इसकी मात्रा?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, विटामिन-ए एक आवश्यक पोषक तत्व है, जो शरीर की कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में अहम भूमिका निभाता है। यह केवल आंखों की रोशनी बढ़ाने में मदद करता है, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए भी बेहद जरूरी है।
आंखों के लिए बहुत जरूरी है विटामिन-ए
विटामिन-ए को आंखों के लिए बहुत जरूरी माना जाता है। आंखों की रोशनी बढ़ाने और रतौंधी जैसी बीमारियों से बचाने के लिए विटामिन-ए को बहुत फायदेमंद पाया गया है। शोध के अनुसार, विटामिन-ए की कमी रेटिनाइटिस पिगमेंटोसा और रतौंधी जैसी बीमारियों का कारण बन सकती है।
कम उम्र से ही अगर आहार में विटामिन-ए वाली चीजों को शामिल कर लिया जाए तो भविष्य में ये एज रिलेटेड मैक्युलर डिजनरेशन जैसी समस्याओं से बचाए रखने में आपके लिए फायदेमंद हो सकती है।
इम्युनिटी होती है मजबूत
विटामिन-ए के फायदे सिर्फ आंखों को सेहतमंद रखने तक ही सीमित नहीं हैं। रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने के लिए भी इसे अपने आहार में जरूर शामिल किया जाना चाहिए।
विटामिन-ए शरीर की इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करता है। व्हाइड ब्लड सेल्स को सक्रिय करके शरीर को संक्रमण से बचाए रखने में भी ये विटामिन बहुत फायदेमंद माना जाता है। साल 2020 के एक अध्ययन में पाया गया कि जिन बच्चों में विटामिन-ए की कमी थी उनमें डायरिया और निमोनिया जैसी बीमारियों का खतरा अधिक देखा गया।
एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर
विटामिन-ए में मौजूद बीटा-कैरोटीन शरीर में फ्री रेडिकल्स से लड़ने में मदद करते हैं। यहां जानना जरूरी है कि शरीर में फ्री रेडिकल्स का बढ़ना कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियों के खतरे को भी बढ़ाने वाला हो सकता है। विटामिन-ए के एंटीऑक्सीडेंट गुण शरीर में कैंसर कोशिकाओं के विकास को रोकने में मदद करते हैं।
इतना ही नहीं इसका नियमित सेवन करने से हार्ट डिजीज, कैंसर और स्ट्रोक जैसी बीमारियों का खतरा भी कम हो सकता है।
विटामिन-ए से होने वाले इन फायदों के बारे में भी जानिए
आहार में विटामिन-ए वाली चीजों की मात्रा बढ़ाना आपके और भी कई स्वास्थ्य लाभ दे सकता है।
- विटामिन-ए त्वचा की मरम्मत में मदद करता है और चोट लगने पर घाव को जल्दी भरने में सहायक होता है।
- विटामिन-ए स्किन सेल्स के निर्माण और मरम्मत में भी अहम भूमिका निभाता है।
- त्वचा को झुर्रियों से बचाकर उसे चमकदार और जवां बनाए रखता है।
- विटामिन-ए के एंटीऑक्सीडेंट गुण त्वचा को फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं, जो समय से पहले उम्र बढ़ने का कारण बनते हैं।
- प्रजनन क्षमता और भ्रूण के विकास में भी इस विटामिन को काफी लाभकारी प्रभावों वाला पाया गया है।
---------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।