हार्ट अटैक दुनियाभर में मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक रहा है। हर साल लाखों लोगों की मौत हृदय रोग और इसके कारण होने वाली समस्याओं से हो जाती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हार्ट अटैक की ही तरह से स्ट्रोक का भी खतरा तेजी से बढ़ रहा है। स्ट्रोक भी हार्ट अटैक की ही तरह गंभीर और जानलेवा समस्या है। मस्तिष्क के हिस्से में रक्त की आपूर्ति बाधित या कम होने के कारण स्ट्रोक हो सकता है। मस्तिष्क के ऊतकों को ऑक्सीजन और पोषक तत्व न मिलने के कारण इस गंभीर स्वास्थ्य जोखिम का खतरा बढ़ जाता है।
Stroke Risk: ये एक आदत हार्ट अटैक और स्ट्रोक दोनों से दे सकती है सुरक्षा, आज से ही दिनचर्या में कर लें शामिल
- अध्ययनों में विशेषज्ञ रोजाना 8000-10000 कदम चलने की सलाह देते हैं। रोजाना वॉक करने की आदत न सिर्फ स्ट्रोक से बचा सकती है, इससे हृदय स्वास्थ्य को भी लाभ मिलता है।
वॉक करने की आदत से कम होता है स्ट्रोक का खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, नियमित व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्ट्रोक के जोखिमों को काफी हद तक कम कर सकते हैं। अध्ययनों में विशेषज्ञ रोजाना 8000-10000 कदम चलने की सलाह देते हैं। रोजाना वॉक करने की आदत न सिर्फ स्ट्रोक से बचा सकती है, इससे हृदय स्वास्थ्य को भी लाभ मिलता है। कैसे, आइए जानते हैं।
असल में स्ट्रोक और हार्ट अटैक दोनों के लिए बढ़े हुए रक्तचाप को प्रमुख कारण माना जाता रहा है। नियमित व्यायाम-वॉक करने की आदत को रक्तचाप को कम करने में मददगार पाया गया है। हृदय को मजबूत बनाने और रक्त परिसंचरण में सुधार करने के साथ नियमित वॉक करने की आदत कई प्रकार के स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने में सहायक है।
नियमित शारीरिक गतिविधि-वॉक करने से हृदय की मांसपेशियां मजबूत होतीं है। मस्तिष्क और तंत्रिकाओं को भी इससे लाभ मिलता है।
कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का खतरा कम
व्यायाम-नियमित वॉक की आदत को अध्ययनों में बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने वाला भी माना जाता है। बैड कोलेस्ट्रॉल रक्त वाहिकाओं में जमा होने लगती है जिससे खून का संचार बाधित हो जाता है। इस स्थिति में हार्ट अटैक-स्ट्रोक का खतरा हो सकता है। शोधकर्ताओं ने पाया कि जो लोग रोजाना वॉक करते हैं उनमें खून के संचार से संबंधित समस्याओं का जोखिम कम रहता है।
वजन प्रबंधन में भी मददगार
नियमित व्यायाम-वॉकिंग से कैलोरी बर्न करना और वजन को कंट्रोल रखना आसान हो सकता है। बढ़ा हुआ वजन हार्ट अटैक और स्ट्रोक दोनों ही दिक्कतों को बढ़ा देती है। स्ट्रोक के जोखिम को कम करने के लिए स्वस्थ वजन बनाए रखना महत्वपूर्ण है और इसके लिए शारीरिक गतिविधि को बढ़ाने पर ध्यान दिया जाना चाहिए। रोजाना वॉक करने की आदत आपको इन जानलेवा समस्याओं से बचा सकती है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
