मच्छरजनित तमाम प्रकार के रोगों का वैश्विक जोखिम देखा जाता रहा है, मलेरिया इसी तरह की एक गंभीर बीमारी है जो हर साल लाखों लोगों की मौत का कारण बनती है। मलेरिया एक प्रकार के परजीवी से होने वाली बीमारी है, ये संक्रमित मच्छरों के काटने से फैलता है।
Malaria Risk: हर साल 5-6 लाख लोगों की मलेरिया से हो जाती है मौत, क्या इससे बचाव के लिए है कोई वैक्सीन?
संक्रमित मच्छरों के काटने से होता है मलेरिया
संक्रमित मच्छरों के काटने से यह रोग मनुष्यों में फैलता है। यह संक्रमण एक से दूसरे व्यक्ति में नहीं होता है हालांकि दुर्लभ मामलों में, संक्रमित गर्भवती से उनके बच्चे में यह बीमारी जन्म से पहले या जन्म के दौरान स्थानांतरित हो सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मलेरिया घातक हो सकता है खासकर अफ्रीकी देशों में इससे मृत्युदर अधिक देखा जाता रहा है। डब्ल्यूएचओ का अनुमान है कि मलेरिया से होने वाली लगभग 94% मौतें अकेले अफ्रीका में होती हैं, ज्यादातर 5 साल से कम उम्र के बच्चों में।
कैसे होते हैं मलेरिया के लक्षण?
मलेरिया के संकेत और लक्षण आमतौर पर फ्लू के लक्षणों के समान होते हैं। इसमें रोगी को बुखार-पसीना आने, ठंड लगने, सिरदर्द और मांसपेशियों में दर्द, थकान, सांस लेने में दिक्कत, दस्त- मितली और उल्टी की दिक्कत हो सकती है। जैसे-जैसे मलेरिया बढ़ता जाता है, यह एनीमिया और पीलिया का कारण भी बन सकती है। मलेरिया के सबसे गंभीर स्थिति में कोमा होने का भी जोखिम देखा जाता रहा है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ये रोग किसी को भी हो सकता है इसलिए सभी के लिए बचाव बहुत जरूरी है।
मच्छरों से बचाव बहुत जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, यदि आप ऐसे क्षेत्रों में रहते हैं जहां मलेरिया के मामले अधिक हैं तो मच्छरों के काटने से बचने के उपाय बहुत जरूरी हैं। मलेरिया के मच्छर शाम और सुबह के बीच सबसे अधिक सक्रिय होते हैं। मच्छरों के काटने से खुद को बचाने के लिए पूरी बाजू वाली शर्ट और शरीर को अच्छे से ढकने वाले कपड़े पहनें। सोते समय मच्छरदानी के उपयोग को सबसे कारगर तरीका माना जाता है।
क्या उपलब्ध हैं मलेरिया के टीके?
मलेरिया और इसके कारण होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के लिए वैक्सीन उपलब्ध हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन कहता है, जिन देशों में मलेरिया के मामले अधिक रिपोर्ट होते रहे हैं वहां बच्चों को मलेरिया के टीके दिए जाने चाहिए। डब्ल्यूएचओ ने बच्चों में मलेरिया की रोकथाम के लिए अक्तूबर 2023 में एक नए टीके आर21/मैट्रिक्स-एम की भी सिफारिश की है। ये टीके मलेरिया को रोकने में सुरक्षित और प्रभावी पाए गए हैं। स्वास्थ्य संगठन का मानना है कि वैक्सीनेशन से मलेरिया के कारण हर साल होने वाली मृत्युदर को कम किया जा सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।