Safe Holi Tips For Pets: होली का त्योहार खुशियों, रंगों और आपसी मेलजोल का प्रतीक है, लेकिन इस उत्साह में अक्सर हम अपने घर के सबसे मासूम बच्चों और पालतू जानवरों की सुरक्षा को भूल जाते हैं। बाजार में मिलने वाले अधिकांश रंगों में सीसा (Lead), क्रोमियम और मरकरी जैसे हानिकारक रसायन होते हैं, जो बच्चों की कोमल त्वचा पर रैशेज और आंखों में जलन पैदा कर सकते हैं। वहीं बेजुबान जानवरों के लिए ये रंग और भी खतरनाक साबित होते हैं।
Holi 2026: बच्चों और बेजुबान जानवरों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं रंग, जानें कैसे रखें उनका ख्याल?
Natural Holi Colors For Kids : होली रंगों का त्योहार है जिसे उल्लास के साथ सभी लोग मनाते हैं। मगर रंग खेलते समय छोटे बच्चों और पालतू जानवरों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। आइए इस लेख में इसी के बारे में विस्तार से जानते हैं।
बच्चों के लिए अपनाएं 'नेचुरल' होली
बच्चों की स्किन और आंखों की सुरक्षा के लिए सिर्फ अच्छे क्वालिटी का रंग या घर पर बने फूलों के रंगों का ही उपयोग करें। होली खेलने से पहले बच्चों के शरीर पर नारियल का तेल या मॉइस्चराइजर की एक मोटी परत लगा दें, जिससे रंग त्वचा के अंदर न जा सके।
छोटे बच्चों को पूरी बाजू के कपड़े पहनाएं और पानी के गुब्बारों के इस्तेमाल से रोकें, क्योंकि इससे आंखों या कान में चोट लगने का डर रहता है। इसके साथ ही इस बात का भी ध्यान रखें कि बच्चों की आंखों में या मुंह में किसी भी तरह का रंग न जाए।
ये भी पढ़ें- Healthy Holi: इस होली खाइए दिल खोलकर, बस इन टिप्स से वजन पर रखें काबू
पालतू जानवरों को रंगों से रखें दूर
अपने पालतू कुत्ते या बिल्ली को होली के हुड़दंग से दूर एक शांत कमरे में रखें। अगर गलती से उन पर रंग लग जाए, तो उन्हें तुरंत किसी माइल्ड पेट-शैम्पू से धोएं। ध्यान रखें उन्हें साफ करने के लिए कभी भी मिट्टी का तेल या स्पिरिट का उपयोग न करें। साथ ही उन्हें बाहर ले जाते समय 'लीश' यानी उन्हें साथ रखने के लिए रस्सी या पट्टे का प्रयोग करें ताकि कोई उन पर अचानक रंग न डाल सके।
ये भी पढ़ें- Vijay-Rashmika Wedding: विजय-रश्मिका से पहले किन सेलेब्स की हुई उदयपुर में शादी?
खान-पान में बरतें विशेष सावधानी
होली पर बनने वाले पकवान जैसे गुझिया, मिठाई और तली-भुनी चीजें बच्चों के पेट को खराब कर सकती हैं, इसलिए सुनिश्चित करें बच्चे इन चीजों का सेवन अपनी उम्र के हिसाब से सीमित मात्रा में करें। बच्चों को सुनिश्चित करें कि वे पर्याप्त पानी पीते रहें। इन पकवानों को पालतू जानवरों को देने से बचें। खासतौर पर चॉकलेट, किशमिश और अधिक चीनी वाली चीजें कुत्तों के लिए बहुत नुकसानदायक हो सकती हैं। उन्हें केवल उनका नियमित पेट-फूड ही दें।
अच्छी और सुरक्षित होली वही है जिसमें कोई भी जीव असुरक्षित महसूस न करें। अगर आपके पेट को सांस लेने में दिक्कत हो या बच्चा रंगों के कारण असहज दिखे, तो तुरंत संबंधित डॉक्टर से संपर्क करें। अपनी खुशियों में दूसरों की तकलीफ का कारण न बनें। इस साल इको-फ्रेंडली और 'एनिमल-फ्रेंडली' होली मनाकर समाज में एक सकारात्मक संदेश दें।