पन्ना की रत्न गर्भा धरती ने फिर मजदूर की किस्मत रातों रात बदल दी है। नवरात्रि के पावन दिनों में पन्ना जिले की धरती ने एक बार फिर अपनी ख्याति साबित कर दी है। यहां मंदिर दर्शन कर लौट रहे एक साधारण किसान-मजदूर को रास्ते में ऐसा नायाब हीरा मिला, जिसने उसकी जिंदगी बदल दी। गुजार गांव पंचायत राहुनिया निवासी 67 वर्षीय गोविंद सिंह आदिवासी को सोमवार सुबह 4.4 कैरेट का हीरा मिला है। हीरे की कीमत बाजार में 20 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
पूजा कर आ रहे थे, तभी दिखा चमकता पत्थर
जानकारी के अनुसार, गोविंद सिंह सुबह माता की माड़िया मंदिर में दर्शन करने गए थे। वहां से लौटते वक्त मंदिर मार्ग पर पड़ी ग्रेवल (चाल) में अचानक उनकी नजर चमचमाते पत्थर पर पड़ी। पत्थर की चमक देखते ही उन्हें शक हुआ और उन्होंने उसे उठा लिया। घर पहुंचकर जब परिजनों को दिखाया गया तो सभी हैरान रह गए। बाद में परिजनों की सलाह पर गोविंद अपने बेटे जाहर सिंह के साथ हीरा कार्यालय पहुंचे और हीरे को जमा कराया।
ये भी पढ़ें- सात दिन में मिले आठ हीरे, पन्ना की खदान में चमकी रचना की किस्मत, सबसे बड़े हीरे का वजन 0.79 कैरेट
2 of 3
हीरा मिलने के बाद गोविंद आदिवासी बेहद खुश नजर आए।
- फोटो : अमर उजाला
हीरा कार्यालय ने पुष्टि की
हीरा कार्यालय पन्ना के विशेषज्ञ अनुपम सिंह ने बताया कि गोविंद सिंह द्वारा जमा कराया गया हीरा 4.4 कैरेट का है। यह अत्यंत उज्ज्वल और शुद्ध हीरा है। बाजार में इसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये या उससे अधिक हो सकती है। फिलहाल हीरा नीलामी प्रक्रिया से गुजरकर शासन के राजस्व में जमा होगा, जिसके बाद निर्धारित नियमों के अनुसार हीरा मिलने वाले को राशि प्रदान की जाएगी।
माता का आशीर्वाद है: गोविंद
हीरा मिलने के बाद गोविंद आदिवासी बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि मैं तो मंदिर में माता के दर्शन करने गया था। यह हीरा मुझे माता का वरदान ही लगता है। हमारी जिंदगी अब बदल जाएगी। हीरे से मिलने वाली राशि से परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरेगी और बच्चों का भविष्य सुरक्षित होगा।
हीरा मिलने की खबर फैलते ही गोविंद सिंह के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। पूरा परिवार उत्साहित है। बेटे जाहर सिंह ने बताया कि हीरे से मिलने वाली राशि से सबसे पहले परिवार की बुनियादी जरूरतें पूरी की जाएंगी और शेष धन बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और खेती-बाड़ी में लगाया जाएगा।
ये भी पढ़ें- पन्ना की खदान से निकला अब तक का सबसे बड़ा 150 कैरेट का हीरा, विवाद में फंसा, जानें पूरा मामला
3 of 3
गोविंद अपने बेटे के साथ हीरा जमा करने हीरा कार्यालय पहुंचे
- फोटो : अमर उजाला
पन्ना में बदल जाती है किस्मत
पन्ना जिले की धरती देशभर में हीरों के लिए जानी जाती है। यहां शासन द्वारा जारी किए गए खनन पट्टों से छोटे-छोटे गड्ढे खोदकर हीरे तलाशे जाते हैं। कई बार लोग वर्षों तक मेहनत करने के बाद भी मायूस रहते हैं, लेकिन कभी-कभी अचानक हाथ लगी किस्मत किसी गरीब को लखपति बना देती है। मंदिर मार्ग पर हीरा मिलना बेहद दुर्लभ संयोग माना जा रहा है।
कमेंट
कमेंट X