किसान संगठनों के मंगलवार को दिल्ली चलो कूच को लेकर पुलिस ने राजधानी के तमाम बॉर्डर पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। खुफिया जानकारी मिली है कि किसान दिल्ली में एक बार फिर 2020 जैसा प्रदर्शन कर सकते हैं। ऐसे में उनको राजधानी की सीमा में प्रवेश से रोकने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
किसान आंदोलन 2.0: अन्नदाता फिर घेरेंगे दिल्ली, इस बार पुलिस भी तैयार; तस्वीरों में देखें सीमा पर क्या है नजारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिंघु व गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस ने जर्सी बैरियर को मिलाकर उनके बीच कंक्रीट की अस्थायी दीवार बना दी है। इसके साथ ही सभी सीमाओं पर कई लेयर बैरिकेडिंग कर भारी संख्या में पुलिस व अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। सिंघु बॉर्डर पर बड़े-बड़े कंटेनर लगाने के अलावा बैरिकेड पर कटीले तार भी लगा दिए गए हैं।
यहां मौजूद मकानों की छत पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। दिल्ली के सभी बॉर्डर, सिंघु, टीकरी, औचंदी, गाजीपुर, चिल्ला, आनंद विहार, अप्सरा, भोपरा, लोनी, बदरपुर, महरौली, कालिंदीकुंज समेत अन्य बॉर्डर पर पुलिस का पहरा सख्त कर दिया गया है। यहां सोमवार दिनभर सख्त बैरिकेडिंग की गई थी।
गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस ने कबाड़ में खड़ी अपनी बसों और ट्रकों को अवरोधक के रूप में इस्तेमाल करने के लिए बैरिकेड की तरह खड़ा कर दिया है। तमाम बॉर्डर पर सीसीटीवी से निगरानी करने के अलावा ड्रोन से नजर रखी जा रही है। बॉर्डर पर अस्थायी कार्यालय व टेंट के बूथ बना दिए गए हैं। सभी जिलों के वरिष्ठ अधिकारी बॉर्डर पर डटे हुए हैं।
दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने किसानों के मार्च को देखते हुए आंदोलनकारियों व आम जनता की ओर से सड़कों को अवरुद्ध करने, किसी प्रकार कि जुलूस आंदोलन व सार्वजनिक बैठकों पर रोक लगा दी गई। इस आदेशों का उल्लंघन करने पर आईपीसी की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने पूरी दिल्ली में धारा 144 रविवार को लागू कर दी थी।
दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा की ओर से जारी इस आदेश में कहा गया है कि संयुक्त किसान मोर्चा, किसान मजदूर मोर्चा और कई अन्य किसान यूनियनों व संघों ने अपनी मांगों को लेकर 13 फरवरी को संसद भवन के सामने प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली चलो मार्च की घोषणा की है। पुलिस ने आशंका जताई है कि किसान पड़ोसी राज्यों की सीमाओं से दिल्ली में प्रवेश कर सकते हैं। इससे दिल्ली में सामाजिक अशांति व हिंसा का माहौल पैदा हो सकती है। ऐसे में नई दिल्ली में ट्रैक्टर चलाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।