पंजाब को काैन दहला रहा?: तीन घंटे में दो धमाके, सीएम मान ने भाजपा पर लगाया आरोप; DGP ने कहा-ISI का हाथ
पंजाब के जालंधर और अमृतसर में देर रात हुए धमाकों के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। दोनों मामलों की जांच के लिए एनआईए की टीम पंजाब आ रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएम मान ने भाजपा पर लगाया आरोप
अमृतसर और जालंधर में हुए धमाकों की घटनाओं पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने श्री आनंदपुर साहिब में कहा कि इन धमाकों की जांच चल रही है। यह पंजाब चुनावों के लिए भाजपा की तैयारी है। भाजपा लोगों के बीच हिंसा और डर फैलाकर वोट हासिल करती है। मैं भाजपा से कहना चाहता हूं कि वह ऐसा करना बंद करे। पंजाब के लोग हमेशा शांति चाहते हैं। बीजेपी को जहां भी चुनाव लड़ना होता है, वह वहां जाकर झगड़े करवाती है।
डीजीपी बोले-आईएसआई का हाथ
वहीं दोनों धमाकों पर डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि हमें शक है कि चूंकि ऑपरेशन सिंदूर की बरसी करीब है, इसलिए यह पंजाब में अशांति फैलाने के लिए पाकिस्तान की ISI की साजिश का एक हिस्सा है।
यादव ने बुधवार को अमृतसर का दौरा किया। उन्होंने बताया कि खासा छावनी में स्थित सेना के कैंप की बाहरी दीवार के पास से कम तीव्रता के धमाके की सूचना मिली थी। इसके बाद, पंजाब बम निरोधक दस्ते, पंजाब पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया, और पूरे इलाके को पूरी तरह से सुरक्षित करने के बाद, वैज्ञानिक जांच के लिए घटनास्थल से नमूने एकत्र किए गए। कानून की संबंधित धाराओं के तहत एक एफआईआर दर्ज की गई है। सेना और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर जांच की जा रही है। कई टीमें इस पर काम कर रही हैं। वे ह्यूमन इंटेलिजेंस, टेक्निकल इंटेलिजेंस और फोरेंसिक इनपुट की जांच कर रही हैं।
यादव ने कहा कि हम एक प्रॉक्सी वॉर के दौर से गुजर रहे हैं। हमें लगातार इनपुट मिलते रहते हैं और हम उन पर कार्रवाई करते रहते हैं। पंजाब एक फ्रंटलाइन राज्य है। इस घटना को लेकर अभी तक किसी ने कोई दावा नहीं किया है। इसलिए, हम इसकी जांच कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि किसी ने एक इम्प्रोवाइज्ड डिवाइस (देसी बम) तैयार किया था। चूंकि वहां कोई तार नहीं मिले हैं, इसलिए पूरी संभावना है कि या तो यह एक टाइमर वाला धमाका था या फिर इसे रिमोट से किया गया था... हम सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से मिले सुरागों पर काम कर रहे हैं। इसके पीछे ISI का हाथ होने की आशंका है। वे एक झूठा नैरेटिव गढ़ रहे हैं और यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि पंजाब में अशांति फैली हुई है। मैं यह कहना चाहूंगा कि पंजाब देश का सबसे शांतिपूर्ण राज्य है। पाकिस्तान की ISI के कुछ मुट्ठी भर तत्व पंजाब के हालात बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
चुनाव आने वाले हैं, इसलिए हो रहा है सब
कांग्रेस नेता राज कुमार वेरका ने कहा कि यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि राज्य में चुनाव होने वाले हैं। यह इलाका केंद्र सरकार के अधीन आता है। न तो केंद्र सरकार और न ही राज्य सरकार यहां की स्थिति को नियंत्रित कर पा रही है। मुझे लगता है कि पंजाब में चुनावों में धांधली करने की कोई साजिश रची जा रही है।
पंजाब में फिर सिर उठा रहा आतंकी नेटवर्क
पंजाब में एक बार फिर सुरक्षा हालात को लेकर गंभीर चिंता सामने आ रही है। पाकिस्तान समर्थित खुफिया एजेंसी, खालिस्तानी आतंकी नेटवर्क और गैंगस्टर-आतंकी गठजोड़ के सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। हाल के घटनाक्रम और सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई से साफ है कि राज्य को अस्थिर करने की कोशिशें सुनियोजित तरीके से की जा रही हैं।
बीते महीनों में कई घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। अप्रैल 2026 में पटियाला-राजपुरा रेल ट्रैक पर कम तीव्रता का आईईडी विस्फोट हुआ जिसे बड़े हमले की साजिश के तौर पर देखा गया। चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर ग्रेनेड हमला हुआ जिससे राजनीतिक और सुरक्षा हलकों में हलचल मच गई। जनवरी 2026 में गणतंत्र दिवस से पहले सिरहिंद रेलवे ट्रैक पर विस्फोट किया गया जबकि नवंबर 2025 में मोगा के सीआईए कार्यालय पर ग्रेनेड फेंका गया था। मार्च 2025 में अमृतसर के खंदवाला इलाके में धार्मिक स्थल के बाहर विस्फोट की घटना भी सामने आई जिसकी जांच एनआईए ने की थी।
जालंधर में मंगलवार रात को गुरप्रीत नाम का युवक कोरियर डिलीवरी के लिए बीएसएफ मुख्यालय आया था। वह अपनी स्कूटी बाहर खड़ी कर अंदर पार्सल देने गया लेकिन कुछ ही देर बाद पीछे खड़ी उसी स्कूटी में जबरदस्त धमाका हो गया। अधिकारी इस बात से इन्कार नहीं कर रहे हैं कि यह एक आतंकी घटना हो सकती है।
अमृतसर में खासा कैंप के पास स्थित आर्मी कैंप के बाहर मंगलवार देर रात करीब 11 बजे जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आर्मी की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा कड़ी कर दी गई।