सफेद आफत से जूझ रहे हिमाचल में एक बार फिर बर्फबारी हुई है। सूबे में सोमवार रात और मंगलवार सुबह ताजा बर्फबारी से पहाड़ी क्षेत्रों में दुश्वारियां और बढ़ गई हैं।
बारिश- बर्फबारी से तीन हाईवे समेत प्रदेश में छोटी-बड़ी 397 सड़कें बंद हो गई हैं। शिमला- रामपुर, कुल्लू-आनी और चंबा-भरमौर एनएच पर आवाजाही थम गई है।
एचआरटीसी की 50 बसें जगह-जगह बर्फ में फंस गई हैं। दो सौ बस रूट ठप हो गए हैं। लाहौल, किन्नौर, शिमला, कुल्लू, मंडी, चंबा, सिरमौर के कई क्षेत्रों का संपर्क कट गया है।
राजधानी शिमला के जाखू, कुफरी समेत मनाली, डलहौजी में ताजा हिमपात हुआ है। नारकंडा में एक फीट से ज्यादा बर्फबारी होने से राजधानी शिमला का अपर शिमला और किन्नौर से संपर्क कट गया है।
नेशनल हाईवे पांच शिमला-रामपुर पूरी तरह बंद हो गया है। बसों को वाया बसंतपुर भेजा जा रहा है। शिमला-रोहड़ू मार्ग भी बंद है। प्रदेश में ठंड का प्रकोप और बढ़ गया है। राजधानी शिमला में सुबह के समय बारिश के बाद 11 बजे से मौसम साफ रहा।