हिमाचल में पहाड़ों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। बर्फ से लकदक पहाड़ों का नजारा देखने लायक है।
राजधानी शिमला के जाखू, कुफरी समेत मनाली, डलहौजी में ताजा हिमपात हुआ है। नारकंडा में एक फीट से ज्यादा बर्फबारी होने से राजधानी शिमला का अपर शिमला और किन्नौर से संपर्क कट गया है।
शिमला- रामपुर, कुल्लू-आनी और चंबा-भरमौर एनएच पर आवाजाही थम गई है। एचआरटीसी की 50 बसें जगह-जगह बर्फ में फंस गई हैं। दो सौ बस रूट ठप हो गए हैं। लाहौल, किन्नौर, शिमला, कुल्लू, मंडी, चंबा, सिरमौर के कई क्षेत्रों का संपर्क कट गया है।
नेशनल हाईवे पांच शिमला-रामपुर पूरी तरह बंद हो गया है। बसों को वाया बसंतपुर भेजा जा रहा है। शिमला-रोहड़ू मार्ग भी बंद है। प्रदेश में ठंड का प्रकोप और बढ़ गया है। लाहौल-स्पीति के जनजातीय क्षेत्रों के लिए तीसरे दिन भी हेलीकाप्टर उड़ानें नहीं हुईं। करीब 30 मरीज घाटी में फंसे हुए हैं
रोहतांग में 40, सोलंगनाला और जलोड़ी दर्रा में 15 सेंटीमीटर ताजा हिमपात दर्ज हुआ है। कुल्लू-आनी वाया जलोड़ी नेशनल हाईवे बंद हो गया है। जिला कुल्लू में सैंज के पागलनाला में बाढ़ आने से करीब दस घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही।