LPG Crisis: अमृतसर में गैस एजेंसी पर ताला, फिरोजपुर में सिलेंडर चोरी; मोगा में सप्लाई बंद, पंजाब का ऐसा हाल
LPG Crisis: अमृतसर में गैस एजेंसी में ताला लग चुका है। वहीं फगवाड़ा, लुधियाना, बठिंडा, अबोहर, लुधियाना, मोगा, फगवाड़ा, फिरोजपुर समेत अन्य जिलों में भी लोग भागदौड़ कर रहे हैं। जहां सिलेंडर मिल रहे हैं वहां लोगों की लंबी लाइनें लगी हैं।
विस्तार
पश्चिम एशिया में युद्ध की वजह से रसोई गैस की किल्लत बनी हुई है। एलपीजी गैस सिलेंडर के लिए पंजाब में हाहाकार मची हुई है। हालात बिगड़ते जा रहे हैं। अमृतसर में गैस एजेंसी में ताला लग चुका है। वहीं फगवाड़ा, लुधियाना, बठिंडा, अबोहर, लुधियाना, मोगा, फगवाड़ा, फिरोजपुर समेत अन्य जिलों में भी लोग भागदौड़ कर रहे हैं। जहां सिलेंडर मिल रहे हैं वहां लोगों की लंबी लाइनें लगी हैं।
बठिंडा में गैस काफी दिक्कत सामने आ रही। अब 25 दिन बाद उपभोक्ता को सिलेंडर मिलेगा जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर पर पूरी तरह से रोक लग गई है। जिले की अलग अलग जगहों पर रोजाना लोगों के लिए तैयार होने वाले लंगर भी बंद होने की कगार पर हैं। एम्स में रोजाना लंगर हजारों लोगों का बनता था, लेकिन जैसे ही गैस सिलेंडर की समस्या खड़ी हुई तो लंगर संचालक अब लंगर में सिर्फ कड़ी चावल तैयार कर रह हैं। दूसरी तरफ गैस एजेंसी संचालक का कहना था कि घरेलू सिलेंडर भी उन्हीं लोगों को मिलेगा जिन्होंने केवाईसी करवाई होगी
फिरोजपुर के थाना सिटी पुलिस ने रसोई गैस से भरे 18 सिलेंडर चोरी कर बेचने के आरोप में डिलिवरी मेन पर मामला दर्ज किया है। मून गैस एजेंसी के मालिक जावेद अख्तर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसके पास इंडेन कंपनी की एजेंसी है। उसके पास आरोपी अजय कुमार वासी शेखां वाली बस्ती रसोई गैस सिलेंडर घर-घर डिलीवरी करने का काम करता था। उसने उसके 18 रसोई गैस सिलेंडर चुराकर बेच दिए हैं। जब उसे पता चला तो उसने पुलिस से शिकायत की। सिलेंडरों की कीमत 56 हजार रुपये बनती है। थाना सिटी पुलिस ने आरोपी अजय कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है।
सिलेंडर लेने के लिए तीन घंटे लाइन में लगे लोग
मोगा में इन दिनों कॉमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडरों को लेकर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग सिलेंडर लेने के लिए तीन घंटे लाइन में लगे खड़े हैं, ताकि सिलेंडर मिल सके। दूसरी ओर कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पिछले तीन-चार दिनों से बंद होने के कारण होटल और रेस्तरां संचालकों का काम प्रभावित हो गया है। कई होटल और ढाबों में काम धीमा पड़ गया है, जबकि कुछ जगहों पर काम लगभग ठप होने की स्थिति बन गई है।
घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में भी कटौती की गई है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद करीब 25 दिन में सिलेंडर मिल रहा है। कई लोग ऑनलाइन और टोल-फ्री नंबर के जरिए बुकिंग करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कई बार सर्वर डाउन होने के कारण बुकिंग नहीं हो पा रही। वहीं इंडियन ऑयल की आधिकारिक वेबसाइट भी शोले चल रहा। आज एजेंसी की ओर से 25 दिन पहले के ग्राहकों को बिना बुकिंग के गैस सिलेंडर दे रहे ताकि लोगों को राहत मिल सके।
अबोहर में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं
अबोहर में एलपीजी गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच गैस एजेंसी संचालकों ने स्पष्ट किया है कि अबोहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। लोगों से अपील की गई है कि वे घबराहट में अनावश्यक बुकिंग न करवाएं।
नरेंद्र गैस एजेंसी के संचालक अजय जैन ने बताया कि इन दिनों कई उपभोक्ता पैनिक होकर गैस सिलेंडर की बुकिंग करवा रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि सिलेंडर मिलने के लगभग 25 दिन बाद ही दोबारा बुकिंग की जा रही है और बुकिंग के दो से तीन दिन के भीतर उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध भी हो रहा है।
अफवाहों पर ध्यान न दें लोग
उन्होंने बताया कि फिलहाल कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई कुछ समय के लिए बंद है, जिससे कुछ लोगों में भ्रम की स्थिति बन रही है। वहीं कई उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग की लाइनें व्यस्त मिलने की शिकायत भी कर रहे हैं। ऐसे में एजेंसी की ओर से उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एजेंसी पर आकर या फोन के माध्यम से भी बुकिंग की व्यवस्था की गई है। एजेंसी के पास घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सप्लाई दी जा रही है।