Chd-Pb Big News: सांसद अमृतपाल को वीडियो कॉल की अनुमति, तरनतारन में 2 युवकों की हत्या; सीएम मान का BJP पर हमला
सीएम मान ने भाजपा पर बोला हमला। सांसद अमृतपाल को मिली वीडियो कॉल की अनुमति। तरनतारन में दो युवकों की हत्या। लुधियाना में ट्रेन पर पथराव पढ़ें आज की बड़ी खबरें
विस्तार
मोहाली-चंडीगढ़ के स्कूलों को बम धमकी। चंडीगढ़ में हुई झमाझम बारिश। सांसद अमृतपाल को मिली वीडियो कॉल की अनुमति। सीएम मान ने सीबीआई रेड को लेकर भाजपा पर बोला हमला। लुधियाना में ट्रेन पर पथराव पढ़ें, चंडीगढ़-पंजाब की बड़ी खबरें
सीएम मान ने सीबीआई रेड को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
पंजाब में सीबीआई रेड को लेकर सीएम भगवंत मान ने भाजपा पर निशाना साधा। धुरी में प्रेस कॉन्फ्रेंस में मान ने कहा कि सीबीआई की रेड से साफ पता चलता है कि पंजाब में जल्द ही चुनाव होने वाले हैं। भाजपा चुनाव से पहले बड़े नेताओं, उनके सहयोगियों और परिवार के सदस्यों पर रेड करवाती है। झारखंड में हेमंत सोरेन और पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के साथ, और दिल्ली व हरियाणा में भी ठीक ऐसा ही हुआ था। इससे पता चलता है कि भाजपा घबराई हुई है। पढ़ें पूरी खबर
सांसद अमृतपाल को मिली वीडियो कॉल की अनुमति
असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को अमृतसर कोर्ट से राहत मिली है। कोर्ट ने उन्हें अपनी बीमार दादी से वीडियो कॉल के जरिये बातचीत करने की अनुमति दी है। अमृतपाल सिंह की ओर से उनके वकीलों ने कोर्ट में इस संबंध में याचिका दायर की थी। याचिका पर सुनवाई के बाद अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बरिंदर सिंह ने फैसला सुनाया। अदालत के आदेश के मुताबिक, अमृतपाल सिंह आज से अगले पांच दिनों के भीतर एक बार अपनी बीमार दादी से वीडियो कॉल पर बातचीत कर सकेंगे। पढ़ें पूरी खबर
तरनतारन में दो युवकों की हत्या
तरनतारन में बुधवार को दो युवकों की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। सड़क किनारे दोनों युवकों के खून से लथपथ शव मिले। हमलावरों ने दोनों पर करीब पांच गोलियां दागीं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर
लुधियाना में ट्रेन पर पथराव
लुधियाना में दिल्ली-अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। इससे बोगी के अंदर बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। पत्थर लगने से कोच के तीन शीशे चकनाचूर हो गए। फिरोजपुर कंट्रोल रूम से मिली सूचना के बाद रेलवे सुरक्षा बल हरकत में आया और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ आपराधिक धाराओं में केस दर्ज किया है। पढ़ें पूरी खबर
मोहाली-चंडीगढ़ के स्कूलों को बम धमकी
चंडीगढ़ और मोहाली के स्कूलों को बुधवार को फिर धमकी भरा मेल आया है। चंडीगढ़ के सेक्टर 41 स्थित शिवालिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। स्कूल को ई-मेल के जरिए धमकी दी गई है। स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर
शास्त्री नगर में अवैध ढांचों पर कार्रवाई
चंडीगढ़ प्रशासन के संपदा विभाग ने शास्त्री नगर में अवैध रूप से बनाई गई मच्छी मार्केट के खिलाफ बुधवार को कार्रवाई की। सेक्टर-13 के पास बनी इस मार्केट में अवैध रूप से खड़े किए गए करीब 30 से 40 ढांचों को प्रशासन की टीम ने ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई डीसी निशांत कुमार यादव के निर्देश पर की गई। पढ़ें पूरी खबर
चंडीगढ़ में हुई झमाझम बारिश
चंडीगढ़ में बुधवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में बादल छाने के बाद तेज गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। कई इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। अचानक बदले मौसम से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार बुधवार को चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना पहले ही जताई गई थी। पढ़ें पूरी खबर
अमृतसर में अवैध हथियारों के साथ आठ आरोपी गिरफ्तार
अमृतसर जिला शहरी पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े तीन नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 अवैध पिस्तौल और 15 कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे हथियार तस्करों के संपर्क में थे। आरोपी इनसे अवैध हथियार हासिल कर आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे। जांच के दौरान हथियारों की सप्लाई से जुड़े कुछ अन्य सहयोगियों के बारे में भी जानकारी मिली है। पढ़ें पूूरी खबर