Punjab: गर्भवती के पेट पर मारी लातें, मर गया गर्भ में पल रहा बच्चा; पति, देवर और ननद ने पार की क्रूरता की हद
पंजाब के लुधियाना में एक ऐसी घटना हुई है, जिससे इंसानियत शर्मशार हो गई। गर्भवती महिला के साथ उसके पति, देवर और ननद ने मारपीट की, जिससे उसके गर्भ में पल रहा बच्चा इस दुनिया में आने से पहले ही मौत के मुंह में चला गया।
विस्तार
लुधियाना की बस्ती जोधेवाल की बैंक कॉलोनी इलाके में गर्भवती महिला के साथ क्रूरता की हदें पार कर दी गई। महिला के साथ उसकी पति, देवर और ननदों ने बुरी तरह मारपीट की। गर्भवती के पेट पर जोर-जोर से लातें मारी। आरोपियों ने विवाहिता को इस कदर बेरहमी से पीटा कि उसका गर्भपात हो गया। गर्भ में पल रहा दो महीने का बच्चा भी मर गया। इतना ही नहीं जब पीड़िता ने अपने जीजा को फोन कर बुलाया तो वह बीच बचाव कराने आ गया तो आरोपियों ने उसे भी पीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया। पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में बैंक कॉलोनी निवासी अंजलि की शिकायत पर उसके पति टिंकू तुल्ली, राकेश कुमार देवर, पिंकी और शिवानी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़िता अंजलि ने बताया कि उसकी शादी 2 जून 2025 को टिंकू तुली के साथ हुई थी। अंजलि का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति टिंकू देवर राकेश कुमार और ननद पिंकी व शिवानी ने उसे और दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया था।
बीती 23 जनवरी को जब अंजलि की मां देवकी देवी और जीजा विजय दुग्गल उसे वापस ससुराल छोड़ने आए तो उन्हें उम्मीद थी कि सब ठीक हो जाएगा। लेकिन उनके जाते ही आरोपियों ने अंजलि पर हमला कर दिया। जब अंजलि ने फोन कर अपने जीजा को मदद के लिए बुलाया तो आरोपियों ने उनके साथ भी बुरी तरह मारपीट की। दरिंदगी की हद तब पार हो गई जब आरोपियों ने अंजलि के पेट पर जोर-जोर से लातें मारीं। अंजलि 2 महीने की गर्भवती थी। इस हमले के कारण उसका गर्भपात हो गया और कोख में ही बच्चे की मौत हो गई।
पीड़िता इस समय सिविल अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने आरोपियों की छापामारी कर टिंकू तुल्ली और उसके भाई राकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी ननंद और सास अभी फरार है जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापामारी करने में जुटी है।
