Bihar News: दो भाइयों के बीच हिंसक झड़प के बाद तनाव की यहां स्थिति उत्पन्न, दोनों गंभीर रूप से घायल; जांच शुरू
छपरा के कोपा थाना क्षेत्र में दो सगे भाइयों के बीच पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट और चाकूबाजी की घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
विस्तार
बिहार के छपरा जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो सगे भाइयों के बीच आपसी विवाद हिंसक रूप ले बैठा। मारपीट और चाकूबाजी की इस घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान कोपा थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार निवासी अनिल चौधरी के पुत्र अंशु कुमार और आशिक कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
यह घटना सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोपा गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में अंशु कुमार की पीठ और सीने में गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं आशिक कुमार को भी चोटें आई हैं, हालांकि उसकी स्थिति अपेक्षाकृत सामान्य बताई जा रही है।
इलाके में गश्त तेज कर दी गई
घटना की सूचना मिलते ही कोपा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। चूंकि घायल और आरोपी एक ही परिवार के सदस्य हैं, इसलिए गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एहतियातन पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और इलाके में गश्त तेज कर दी गई है।
ये भी पढ़ें- Bihar: अस्पताल में नसबंदी के बाद महिला की मौत, इलाज व एंबुलेंस नहीं मिलने पर भड़का जनाक्रोश; इन पर गंभीर आरोप
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों घायलों को इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने अंशु कुमार की स्थिति गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया, जबकि आशिक कुमार का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
इस संबंध में कोपा थानाध्यक्ष पिंटू राम ने बताया कि चाकूबाजी की घटना को गंभीरता से लिया गया है और हर पहलू की जांच की जा रही है। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे।
