सेना का जवान था गुरसेवक: 'भाभी' की बिदाई पर DJ पर नाचते समय लगी गोली, मौत; सात दिन पहले खुद बना था दूल्हा
रात करीब पौने नौ बजे खडूर साहिब निवासी सुखदेव सिंह का बेटा सरोवर सिंह कथित तौर पर नशे की हालत में पिस्टल लेकर डीजे पर नाचने लगा। इसी दौरान उसने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सीधे गुरसेवक सिंह के पेट में जा लगी।
विस्तार
पंजाब के तरनतारन स्थित गांव मलमोहरी में वीरवार रात एक विवाह समारोह के दौरान हर्षोल्लास उस समय मातम में बदल गया जब डीजे पर नाचते हुए हवाई फायरिंग में एक सैनिक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। घटना में सेना में कार्यरत गुरसेवक सिंह (27) की जान चली गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
गुरसेवक की सात दिन पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार मलमोहरी निवासी पूर्व सैनिक बलकार सिंह के बेटे जोबनजीत सिंह की शादी 29 जनवरी को थी। शादी के बाद दुल्हन को घर लाने पर डीजे लगाकर रिश्तेदारों और मित्रों के साथ जश्न मनाया जा रहा था। इसी दौरान जोबनजीत सिंह का घनिष्ठ मित्र और छुट्टी पर आया सैनिक गुरसेवक सिंह भी समारोह में मौजूद था। गुरसेवक सिंह की शादी महज सात दिन पहले ही गांव भैल निवासी युवती से हुई थी।
असम में तैनात थे गुरसेवक
गुरसेवक सिंह और जोबनजीत सिंह बचपन के मित्र थे। दोनों ने एक साथ पढ़ाई की और वर्ष 2018 में एक साथ सेना में भर्ती हुए। वर्तमान में दोनों की तैनाती असम स्थित सेना मुख्यालय में थी। गुरसेवक सिंह के पिता खडूर साहिब के निवासी परगट सिंह किसान हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा परिवार की दो बेटियों के बीच इकलौता पुत्र था।
नशे में फायरिंग का आरोप
रात करीब पौने नौ बजे खडूर साहिब निवासी सुखदेव सिंह का बेटा सरोवर सिंह कथित तौर पर नशे की हालत में पिस्टल लेकर डीजे पर नाचने लगा। इसी दौरान उसने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सीधे गुरसेवक सिंह के पेट में जा लगी। घायल अवस्था में उसे तुरंत गुरु नानक देव सुपर स्पेशलिटी अस्पताल तरनतारन ले जाया गया जहां तड़के करीब चार बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सब-डिवीजन गोइंदवाल साहिब के डीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी सरोवर सिंह और दो अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद गांव और परिवार में शोक की लहर है।
