जालंधर में हाईवोल्टेज ड्रामा: ‘बालाजी की चौकी’ के 'परमिशन' पर उठा विवाद, विधायक रमन अरोड़ा ने सुरक्षा लौटाई
एडीसीपी-1 आकर्षि जैन ने कहा कि कार्यक्रम की अनुमति नहीं होने के कारण तैयारियां रुकवाई गई हैं। वहीं भाजपा नेताओं का दावा है कि फायर ब्रिगेड, बिजली विभाग और नगर निगम सहित सभी जरूरी परमिशन पहले से मौजूद हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जालंधर में श्री कष्ट निवारण बालाजी मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित होने वाले ‘बालाजी की चौकी’ कार्यक्रम को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।
साईं दास स्कूल ग्राउंड में होने वाले इस धार्मिक आयोजन की तैयारियों के दौरान बुधवार रात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डेकोरेशन, टेंट और लाइट का काम रुकवा दिया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल के आने की घोषणा की गई थी, जिसके चलते श्रद्धालुओं में भारी उत्साह था।
जैसे ही पुलिस कार्रवाई की सूचना मिली, भाजपा नेता शीतल अंगुराल, केडी भंडारी, पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, कांग्रेस के शहरी प्रधान राजिंदर बेरी और मंदिर कमेटी के सदस्य मौके पर पहुंच गए। नेताओं और समर्थकों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और धरना प्रदर्शन किया।
पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया और शीतल अंगुराल ने आरोप लगाया कि हिंदू धार्मिक कार्यक्रम को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है और यह हिंदुओं की आस्था के साथ अन्याय है।
एडीसीपी बोलीं- परमिशन नहीं है
मामले को लेकर एडीसीपी-1 आकर्षि जैन ने कहा कि कार्यक्रम की अनुमति नहीं होने के कारण तैयारियां रुकवाई गई हैं। वहीं एसीपी ने कहा कि विधायक रमन अरोड़ा से दो दिन से परमिशन लेटर दिखाने को कह रहे हैं पर उन्होंने अपनी बात नहीं रखी।
वहीं भाजपा नेताओं का दावा है कि फायर ब्रिगेड, बिजली विभाग और नगर निगम सहित सभी जरूरी परमिशन पहले से मौजूद हैं। भाजपा नेता केडी भंडारी ने कहा कि पुलिस कमिश्नर से बातचीत में उन्हें बताया गया कि भजन गायक कन्हैया मित्तल के खिलाफ केस दर्ज होने के कारण कार्यक्रम को लेकर एतराज जताया गया।
‘ग्राउंड नहीं मिला तो सड़क पर होगा कीर्तन’
मंदिर कमेटी ने साफ कहा है कि किसी भी हालत में कार्यक्रम रद्द नहीं किया जाएगा। कमेटी सदस्यों ने ऐलान किया कि यदि ग्राउंड के अंदर अनुमति नहीं मिली तो श्रद्धालु सड़क पर बैठकर बालाजी महाराज का गुणगान करेंगे। गुरुवार सुबह भाजपा नेताओं, मंदिर कमेटी और स्थानीय लोगों ने साईं दास स्कूल ग्राउंड के बाहर धरना भी शुरू कर दिया।
तनावपूर्ण माहौल के बावजूद सुबह दोबारा डेकोरेशन का काम शुरू हो गया और कार्यक्रम स्थल पर कन्हैया मित्तल के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम अपने तय समय शाम 6:30 बजे ही होगा।
आप विधायक रमन अरोड़ा ने लौटाई सुरक्षा
इस पूरे विवाद के बीच रमन अरोड़ा ने भी पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए अपनी सरकारी सुरक्षा लौटाने का ऐलान कर दिया। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए कहा कि धार्मिक कार्यक्रम रोकना गलत है। उनके इस फैसले के बाद जालंधर की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है।