'पूरा कुनबा खत्म कर दूंगा': सिंगर के मैनेजर को मिली धमकी, कहा- अगर तू परमीश वर्मा तो 10 करोड़ का इंतजाम कर
पंजाबी सिंगर परमीश वर्मा के मैनेजर को धमकी मिली है और 10 करोड़ रुपये की रंगदारी भी मांगी गई है। लुधियाना के भाई रणधीर सिंह नगर इलाके में रहने वाले हरविंदर सिंह उर्फ हार्डी ने सराभा नगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लंबे समय से परमीश वर्मा का सारा बिजनेस देख रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर गायक और अभिनेता परमीश वर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई गाना नहीं बल्कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मिली खूंखार धमकी है। परमीश वर्मा के बिजनेस मैनेजर हरविंदर सिंह उर्फ हार्डी को विदेशी नंबरों से कॉल कर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। आरोपी ने रुपये न देने की सूरत में मैनेजर और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। हार्डी ने जब इसकी जानकारी पुलिस को दी तो पुलिस भी हैरान रह गई। थाना सराभा नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
लुधियाना के भाई रणधीर सिंह नगर इलाके में रहने वाले हरविंदर सिंह उर्फ हार्डी ने सराभा नगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लंबे समय से परमीश वर्मा का सारा बिजनेस देख रहे हैं। हार्डी के मुताबिक, 14 फरवरी से उन्हें लगातार अंतरराष्ट्रीय नंबरों (+1, +1302 आदि) से धमकियां मिल रही हैं। फोन करने वाले शख्स ने खुद की पहचान हैरी बॉक्सर के रूप में बताई है और दावा किया है कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने बेहद खौफनाक भाषा का इस्तेमाल किया। कॉल करने वाले ने हार्डी से कहा, अगर तू गायक परमीश वर्मा, खुद की और अपने बच्चों की सलामती चाहता है, तो 10 करोड़ रुपये का इंतजाम कर ले। आरोपी ने यहां तक दावा किया कि उसके पास हार्डी की पत्नी, बुजुर्ग माता-पिता, बच्चों और यहां तक कि उनके रिश्तेदारों की भी पूरी जानकारी और पल-पल की लोकेशन मौजूद है। आरोपी ने चेतावनी दी कि यदि रकम नहीं मिली, तो वह पूरे कुनबे को खत्म कर देगा।
धमकियों से डरे हरविंदर सिंह ने थाना सराभा नगर पहुंचकर एएसआई जसविंदर सिंह को अपने बयान दर्ज कराए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उन विदेशी नंबरों को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है जिनसे कॉल आए थे। सराभा नगर पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि इस हाई-प्रोफाइल मामले की सूचना सीनियर अधिकारियों और कंट्रोल रूम को दे दी गई है। आरोपी की पहचान के लिए तकनीकी एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है। साथ ही, पीड़ित परिवार की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले भी पंजाबी कलाकारों को गैंगस्टरों की ओर से फिरौती के लिए धमकियां मिलने के मामले सामने आते रहे हैं, जिससे इंडस्ट्री में भय का माहौल बना हुआ है।