सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Ludhiana News ›   ED Raids Premises of Cabinet Minister Sanjeev Arora in Ludhiana

Ludhiana: कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ईडी की रेड, सीएम मान बोले-आप किसी से नहीं डरती

संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब) Published by: Nivedita Updated Fri, 17 Apr 2026 11:49 AM IST
विज्ञापन
सार

ईडी की टीम ने शुक्रवार सुबह पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। टीम दस्तावेज खंगाल रही है। 

ED Raids Premises of Cabinet Minister Sanjeev Arora in Ludhiana
संजीव अरोड़ा के घर पहुंची ईडी की टीम - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास समेत विभिन्न ठिकानों पर शुक्रवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीमों ने एक साथ छापेमारी की। लुधियाना स्थित उनके निवास पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी के बीच जांच एजेंसी के अधिकारी दस्तावेजों को खंगालने में जुटे हैं। 

Trending Videos


सूत्रों के हवाले से खबर है कि यह पूरी कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन सौदों से जुड़ी कथित अनियमितताओं के पुराने मामलों को लेकर की जा रही है।

ईडी की जांच केवल लुधियाना तक सीमित नहीं है, बल्कि बताया जा रहा है कि मंत्री से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी गई है। ईडी की टीम मुख्य रूप से वित्तीय लेनदेन और संपत्तियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है। 

गौरतलब है कि इससे पहले अक्तूबर 2024 में भी संजीव अरोड़ा जांच एजेंसी के निशाने पर आए थे, जब उन पर औद्योगिक जमीन को रिहायशी प्रोजेक्ट में तब्दील करने के गंभीर आरोप लगे थे। तब अरोड़ा राज्यसभा सांसद की भूमिका में थे, लेकिन अब कैबिनेट मंत्री के रूप में उनके खिलाफ हुई इस कार्रवाई ने राज्य के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है।

सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर भी पड़ी थी रेड

आम आदमी पार्टी के नेताओं पर जांच एजेंसियों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। हाल ही में राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर हुई छापेमारी के बाद अब संजीव अरोड़ा ईडी के रडार पर हैं। अशोक मित्तल के मामले में भी जालंधर, फगवाड़ा और गुरुग्राम जैसे शहरों में व्यापक स्तर पर तलाशी ली गई थी, जहां अधिकारियों ने डिजिटल साक्ष्यों और कंप्यूटर सिस्टम को कब्जे में लेकर घंटों तक पड़ताल की थी। हालांकि संजीव अरोड़ा और अशोक मित्तल, दोनों ही मामलों में प्रवर्तन निदेशालय ने अभी तक किसी आधिकारिक निष्कर्ष या जब्ती की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन एक के बाद एक दिग्गज नेताओं पर हो रही इस कार्रवाई ने सत्ता पक्ष की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

हमें कोई डर नहीं - मान

मित्तल और अरोड़ा के ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई के बाद नाराज मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता उस मिट्टी से नहीं बने जो डर जाएं। हमारे अधिकतर नेताओं को बिना कुछ किए भाजपा ने जेल का मुंह दिखा दिया मगर अब हम न तो भाजपा सरकार ईडी से डरते हैं और न ही सीडी से डरते हैं। हमें सीबीआई, इनकम टैक्स और अन्य एजेंसियों  का कोई डर नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में भाजपा ने आगामी चुनाव की तैयारी कर दी है। इन्हें यहां 117 सीटों पर प्रत्याशी नहीं मिल रहे। इसलिए भाजपा इस तरह डर दिखाकर आप नेताओं को तोड़ने की कोशिश कर रही। कांग्रेस और अकाली दल के कई नेता भाजपा में जाकर बेदाग बन चुके हैं।

आप नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि तीन दिन में पंजाब में आम आदमीं पार्टी के खिलाफ ईडी की ये दूसरी रेड है। अब पंजाब मंत्री संजीव अरोड़ा के यहां ईडी ने रेड की है। मोदी सरकार ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी हैं। अब ये लोकतांत्रिक व्यवस्था का दिखावा भी नहीं कर रहे, तानाशाही डिक्लेयर कर दी है। पश्चिम बंगाल में जो ईडी के साथ होता है वो सही ही होता है फिर तो।

विज्ञापन
विज्ञापन

जालंधर में अरोड़ा के करीबी के घर पर भी छापा

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के करीबी जालंधर के चंद्रशेखर अग्रवाल के घर भी ईडी ने छापेमारी की है। महादेव बेटिंग ऐप मनी लॉन्ड्रिंग केस में जालंधर के चंद्र अग्रवाल का नाम सामने आया था और उसके संबंध पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के साथ रहे हैं। चंद्र पर ऐप प्रमोटरों सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल से जुड़कर सट्टेबाजी नेटवर्क के जरिए धन शोधन करने के आरोप हैं।

प्रवर्तन निदेशालय ने अक्तूबर 2024 में जालंधर स्थित उनके घर पर छापेमारी की थी। यह मामला 6000 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध सट्टेबाजी घोटाले से जुड़ा है, जिसमें अब तक 4300 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति अटैच की जा चुकी है। जांच के मुताबिक, यह अवैध ऐप दुबई से संचालित होता था और इसके तार लंदन सहित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े हैं, जबकि कई हाई-प्रोफाइल लोग भी जांच के दायरे में हैं।


विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed