पंजाब में बढ़ी ठंडक: पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आ रही उत्तर पश्चिमी हवाओं से गिरा पारा, आगे कैसा रहेगा माैसम
मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के डायरेक्टर सुरिंदर पाल के मुताबिक आने वाले दिनों में भी इसी तरह से दिन व रात के तापमान में इन हवाओं के असर से गिरावट जारी रहेगी। पंजाब में फिलहाल 26 अक्तूबर तक मौसम शुष्क ही बना रहेगा।
विस्तार
पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आ रही उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने पंजाब के मौसम पर असर डाला है। पंजाब के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
बुधवार को पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री की कमी दर्ज की गई। बठिंडा 15 डिग्री के न्यूनतम तापमान के साथ पंजाब में सबसे ठंडा रहा। बठिंडा का न्यूनतम पारा सामान्य से 1.0 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं, अमृतसर का अधिकतम तापमान सामान्य के नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के डायरेक्टर सुरिंदर पाल के मुताबिक आने वाले दिनों में भी इसी तरह से दिन व रात के तापमान में इन हवाओं के असर से गिरावट जारी रहेगी। पंजाब में फिलहाल 26 अक्तूबर तक मौसम शुष्क ही बना रहेगा लेकिन 27 अक्तूबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। हालांकि यह पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा मजबूत नहीं होगा लेकिन इसके असर से पंजाब की कुछ जगहों पर एक या दो दिन बादल छाए रह सकते हैं।
नवंबर के मध्य में दस्तक देगी ठंड
उन्होंने कहा कि नवंबर महीने के मध्य में पंजाब में ठंड दस्तक दे सकती है। बुधवार को पंजाब में सबसे अधिक 34.7 डिग्री का तापमान बठिंडा का दर्ज किया गया। अमृतसर का अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री (सामान्य से 1.5 डिग्री नीचे), लुधियाना का 31.6 डिग्री, पटियाला का 32.5 डिग्री, पठानकोट का 31.4 डिग्री, गुरदासपुर का 30.5 डिग्री, एसबीएस नगर का भी 30.5 डिग्री, फिरोजपुर का 31.5 डिग्री, फाजिल्का का 31.4 डिग्री दर्ज किया गया।
अमृतसर का न्यूनतम पारा 16.2 डिग्री, लुधियाना का 18.8 डिग्री, पटियाला का 19.1 डिग्री, पठानकोट का 17.0, गुरदासपुर का 15.6 डिग्री, फिरोजपुर का 15.5 डिग्री दर्ज किया गया।