जयपुर वायरल वीडियो केस: छेड़छाड़ करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
जयपुर में युवती से छेड़छाड़ का वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। घटना दिसंबर 2025 की है। आरोपियों ने सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए वीडियो अपलोड किया था।
विस्तार
राजस्थान की राजधानी जयपुर में वायरल हुए छेड़छाड़ के वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आज इन आरोपियों की कोर्ट में पेशी हो गई जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया। बाइक सवार युवकों द्वारा स्कूटी चला रही युवती से सरेआम बदसलूकी का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।
यह वीडियो 27 दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है, जिसे आरोपियों ने हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल किया। वीडियो सामने आते ही मामला तूल पकड़ गया, जिसके बाद डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिख रहे वाहनों के नंबर और आरोपियों के सोशल मीडिया प्रोफाइल के आधार पर उनकी पहचान की। लोकेशन ट्रेस होने के बाद टीम ने टोंक के जंगलों में दबिश देकर मुख्य आरोपी सुदामा, मनराज और उनके साथी लोकेश व महेश को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि घटना के समय आरोपी नशे में थे और सड़क पर स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान युवती से छेड़छाड़ की गई, जिसका वीडियो उनके साथियों ने बना लिया। बाद में सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए इसे अपलोड किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मनराज मीणा पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। डीसीपी राजर्षि राज ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।