RPSC RAS Result: RAS 2024 में ब्यावर के रविन्द्र चारण ने किया कमाल, प्रदेश में चौथा स्थान हासिल कर बढ़ाया मान
RPSC RAS Result 2024: RAS 2024 परीक्षा में ब्यावर के निमाज गांव निवासी रविन्द्र सिंह चारण ने प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया। लगातार चौथी बार परीक्षा पास कर उन्होंने नई उपलब्धि दर्ज की। जिलेभर में खुशी का माहौल है, नेताओं ने भी उन्हें बधाई दी।
विस्तार
राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) भर्ती परीक्षा 2024 का परिणाम जारी होते ही पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल बन गया है। इस बार ब्यावर जिले ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। जिले के निमाज गांव निवासी रविन्द्र सिंह चारण ने टॉप-20 में चौथा स्थान प्राप्त कर न केवल अपने गांव बल्कि पूरे ब्यावर जिले का नाम रोशन किया है।
लगातार चौथी बार परीक्षा पास कर दर्ज की बड़ी उपलब्धि
रविन्द्र सिंह चारण की यह सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने लगातार चौथी बार RAS परीक्षा पास की है। यह उपलब्धि उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दर्शाती है। उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि सतत प्रयास से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।
पिछली रैंक से बड़ा सुधार, सीधे टॉप-5 में पहुंचे
रविन्द्र सिंह ने इससे पहले वर्ष 2023 के परिणाम में 50वीं रैंक हासिल की थी। इस बार उन्होंने अपनी रैंक में उल्लेखनीय सुधार करते हुए सीधे टॉप-5 में जगह बनाई है। प्रदेश स्तर पर चौथा स्थान हासिल करना उनकी तैयारी और दृढ़ निश्चय का प्रमाण माना जा रहा है।
पढ़ें- RPSC RAS Result 2024: आरएएस परिणाम 2024 में किया टॉप; कौन हैं दिनेश बिश्नोई, कैसी रही इनकी पढ़ाई?
गांव से जिले तक जश्न का माहौल
इस उपलब्धि के बाद निमाज गांव सहित पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों में जश्न का माहौल है। लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने उनकी सफलता को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया है।
जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने दी शुभकामनाएं
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने रविन्द्र सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष किशोर चौधरी और कांग्रेस नेता मनोज चौहान ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रविन्द्र सिंह ने अपने अथक परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है।
मार्बल सिटी किशनगढ़ के हरियश राजपुरोहित ने RAS मुख्य परीक्षा 2024 में हासिल की 17वीं रैंक
मार्बल सिटी किशनगढ़ के लिए गर्व की खबर सामने आई है। अजमेर जिले के किशनगढ़ क्षेत्र के उजोली गांव के होनहार युवा हरियश राजपुरोहित ने RAS (मुख्य) परीक्षा 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में 17वीं रैंक हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ हरियश ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।
हरियश राजपुरोहित वर्तमान में किशनगढ़ की इंद्रा कॉलोनी में निवास कर रहे हैं और वे उजोली गांव के मूल निवासी हैं। उनकी इस सफलता से वे प्रदेश की टॉप 20 सूची में शामिल हो गए हैं, जो किसी भी अभ्यर्थी के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। हरियश, किशनगढ़ के प्रसिद्ध मार्बल व्यवसायी रामभरोस सिंह राजपुरोहित के पुत्र हैं।
जैसे ही हरियश की इस उपलब्धि की खबर सामने आई, उनके परिवार, पैतृक गांव उजोली और पूरे किशनगढ़ क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर इस सफलता का जश्न मनाया और हरियश को शुभकामनाएं दीं।
अपनी सफलता का श्रेय हरियश ने अपने गुरुदेव सुन्दरदास महाराज, माता-पिता और परिवारजनों को दिया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन और समर्थन के बिना यह संभव नहीं था। हरियश की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है और युवा वर्ग के बीच नई ऊर्जा का संचार हुआ है ।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X