{"_id":"6a54c3eeca0ac4d6b20397c2","slug":"bhilwara-news-alleged-dubai-kidnapping-40-lakh-ransom-collected-in-bhilwara-businessman-freed-2026-07-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"दुबई में अपहरण, भीलवाड़ा में वसूली: कारोबारी को 10 दिन तक बंधक बनाकर रखा, 40 लाख की फिरौती के बाद रिहा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दुबई में अपहरण, भीलवाड़ा में वसूली: कारोबारी को 10 दिन तक बंधक बनाकर रखा, 40 लाख की फिरौती के बाद रिहा
Mon, 13 Jul 2026 04:24 PM IST
भीलवाड़ा ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भीलवाड़ा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भीलवाड़ा
Published by: भीलवाड़ा ब्यूरो
Updated Mon, 13 Jul 2026 04:24 PM IST
सार
व्यापारिक यात्रा पर दुबई गए कारोबारी का अपहरण कर 10 दिन तक बंधक बनाकर रखा गया और उनकी रिहाई के लिए 40 लाख रुपये की मांग की गई। मामले में भीलवाड़ा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच तेज कर दी है।
विज्ञापन
अपहरण में शामिल आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा से जुड़े एक सनसनीखेज अंतरराष्ट्रीय अपहरण और फिरौती के मामले में व्यापारिक कार्य से दुबई गए कारोबारी मुकेश टेलर का कथित रूप से अपहरण कर उन्हें करीब 10 दिन तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उनके साथ मारपीट करने और रिहाई के बदले भीलवाड़ा में रह रहे परिजनों से 40 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप है। पुलिस के अनुसार जैसे ही कारोबारी की पत्नी ने आरोपियों को 40 लाख रुपये का चेक सौंपा, दुबई में बंधक बनाए गए मुकेश टेलर को रिहा कर दिया गया।
विज्ञापन
इस हाई-प्रोफाइल मामले में भीलवाड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक सदस्य एवं फाइनेंसर योगेश मूंदड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले के मास्टर माइंड और भीलवाड़ा नगर निगम के पूर्व पार्षद फजले रहूफ उर्फ लुत्फी को भारत लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी गई है। पुलिस उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस और प्रत्यर्पण की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
विज्ञापन
1 जुलाई को दुबई में हुआ अपहरण, भीलवाड़ा में मांगी फिरौती
पुलिस अधीक्षक सागर राणा के अनुसार कारोबारी मुकेश टेलर जून 2026 में व्यापारिक कार्य से दुबई गए थे। आरोप है कि 1 जुलाई को फजले रहूफ उर्फ लुत्फी और उसके साथियों ने उनका अपहरण कर लिया और दुबई के एक फ्लैट में करीब 10 दिन तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उनके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना दिए जाने का भी आरोप है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार बंधक बनाए गए कारोबारी की रिहाई के लिए आरोपियों ने भीलवाड़ा में रह रहे उनके ससुर गोपाललाल को फोन कर 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इसके बाद आरोपियों ने भीलवाड़ा में मौजूद अपने सहयोगियों के जरिए रकम वसूलने की योजना बनाई।
ये भी पढ़ें: Alwar News: जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर के घर लूट का खुलासा, सीसीटीवी से पकड़ाए 4 आरोपी; एक फरार
40 लाख का चेक मिलते ही रिहा
पुलिस का कहना है कि तय योजना के तहत शुक्रवार को आरोपी योगेश मूंदड़ा और उसका साथी राजू पठान कारोबारी के घर पहुंचे और मुकेश टेलर की पत्नी से 40 लाख रुपये का चेक लिया। चेक मिलने की सूचना दुबई में मौजूद आरोपियों तक पहुंचते ही मुकेश टेलर को कथित तौर पर रिहा कर दिया गया। इसके बाद वे शुक्रवार रात भारत लौटे और सीधे भीलवाड़ा पहुंचे। भारत लौटने के बाद मुकेश टेलर ने शनिवार देर रात अपनी पत्नी के साथ सुभाष नगर थाने पहुंचकर फजले रहूफ उर्फ लुत्फी, योगेश मूंदड़ा और राजू पठान के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महज नौ घंटे के भीतर योगेश मूंदड़ा को गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपी राजू पठान की तलाश जारी है।
संवेदनशील मामले को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने स्वयं जांच की निगरानी की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारसमल जैन और डीएसपी नेमीचंद के निर्देशन में सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नोई के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
दुबई से संचालित नेटवर्क की जांच
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी फजले रहूफ उर्फ लुत्फी लंबे समय से दुबई में रह रहा था और वहीं से कथित रूप से सट्टा, अवैध ब्याज और रंगदारी का नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित है तथा लुकआउट सर्कुलर भी जारी है। अब साइबर और आर्थिक अपराध विशेषज्ञों की मदद से उसकी कथित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें फ्रीज और अटैच करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
पुलिस के अनुसार यदि दुबई में फजले रहूफ की गिरफ्तारी होती है तो भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच लागू प्रत्यर्पण प्रावधानों के तहत उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।