{"_id":"6783c8c5d685a19eb505e311","slug":"bundi-on-national-youth-day-cm-inaugurated-and-laid-the-foundation-stone-of-development-works-2025-01-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bundi: राष्ट्रीय युवा दिवस पर रोजगार उत्सव में वर्चुअली जुडे़ सीएम, विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bundi: राष्ट्रीय युवा दिवस पर रोजगार उत्सव में वर्चुअली जुडे़ सीएम, विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बूंदी
Published by: अर्पित याज्ञनिक
Updated Sun, 12 Jan 2025 07:21 PM IST
विज्ञापन
सार
बूंदी जिले में राष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ। ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर ने स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में नवनियुक्त कार्मिकों को वेलकम किट और नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए।
राष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े सीएम।
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
बूंदी जिले में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव कार्यक्रम रविवार को शहर के नैनवां रोड स्थित अलगोजा रिसोर्ट के हॉल में आयोजित हुआ। जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत कर रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी वर्चुअली जिला स्तरीय कार्यक्रम से जुड़े और नव नियुक्त कार्मिकों से संवाद किया।
Trending Videos
जिला स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के मुख्य अतिथि ऊर्जा राज्यमंत्री और बूंदी जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर रहे। जिला प्रभारी मंत्री ने स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा उत्पादन और अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में आज राजस्थान प्रदेश देश में नम्बर वन है, जो हम सभी के लिए गौरव की बात है। ऊर्जा के बिना विकास संभव नहीं और यह वर्तमान में विकास के लिए सबसे बड़ी जरूरत है।
विज्ञापन
विज्ञापन
नागर ने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ी संख्या में हो रहे कार्यों से आने वाले दिनों में प्रदेश स्वयं की आश्यकताओं की पूर्ति करने के साथ ही देश के अन्य क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति कर उन्हें रोशन करने का कार्य करेगा। उत्कृष्ट और विकसित राजस्थान बनाने के लिए में ऊर्जा के क्षेत्र में कई कार्य हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि वर्तमान में ढाई लाख करोड़ से अधिक के एमओयू हो गए हैं। आगामी पांच वर्षों में पांच लाख करोड़ के कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 74 प्रतिशत किसानों को दिन में बिजली मिल रही है। आने वाले दिनों में सिस्टम को और अधिक बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि शेष किसानों को भी दिन में बिजली मुहैया कराई जा सके। आगामी रबी सीजन तक यह कार्य पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से सौर ऊर्जा क्षेत्र में 5 हजार मेगावाट का लक्ष्य मिला है। यह कार्य जल्द की धरातल पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि 17 हजार मेगावाट के सौर ऊर्जा संयत्रों को स्थापित करने का कार्य शुरू किया जा चुका है।
भारत को विश्व गुरु बनाने में भागीदार बनें युवा
ऊर्जा राज्यमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त युवा समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा के भाव के साथ कार्य करें, जिससे हमारा प्रदेश आगे बढे़। उन्होंने कहा कि युवा विकसित राष्ट्र की संकल्पना को साकार करने के लिए कार्य करते हुए भारत को विश्व गुरु बनाने में भागीदार बनें। सभी नवनियुक्त युवा उन्हें मिले अवसर को प्रदेश के विकास में काम में लेने का प्रयास करें, ताकि प्रदेश आगे बढे़ं। उन्होंने कहा कि राजस्थान के चहुंमुखी विकास के लिए राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है। राइजिंग राजस्थान में हुए एमओयू से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
नवनियुक्त कार्मिकों को प्रदान किए वेलकम किट एवं नियुक्ति-पत्र
कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों में नव नियुक्त कार्मिकों को वेलकम किट एवं नियुक्ति-पत्र प्रदान किए। इनमें नवनियुक्त कार्मिकों में पुलिस विभाग के 133, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 118, शिक्षा विभाग के 2, राजस्व के 3 तथा वित्त विभाग के 47 कार्मिकों शामिल हैं।
विकास कार्यों के हुए लोकार्पण-शिलान्यास
कार्यक्रम से वर्चुअली जुडे़ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बूंदी जिले में सड़क, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, विद्युत विकास के कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास किए।
मुख्यमंत्री ने 10 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से मरडिया, भीया और डाबी में 33/11 केवी सबस्टेशनों, रायथल गांव में 76.96 लाख रूपए की लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट, 55 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित उपस्वास्थ्य केन्द्र रामी की झोपडिया के नवीन भवन, 476 लाख रुपये की लागत से मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह (वृद्ध, बेघर, एवं निराश्रित गृह) तथा पीएबी, पीएमश्री योजनान्तर्गत विद्यालय सुदृढीकरण व सोलर पैनल के 26 कार्यों का लोकार्पण किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पीएम कुसुम योजनान्तर्गत जिले में 72 करोड़ लागत से 20 मेगावाट से अधिक क्षमता के 7 सौर ऊर्जा संयंत्रों, 62.67 करोड की लागत के क्षतिग्रस्त पुलियाओं तथा सड़कों की स्थाई मरम्मत कार्य, पीएमश्री तथा पीएबी 2024-25 योजनान्तर्गत विद्यालय सुदृढ़ीकरण के चार कार्यों का शिलान्यास भी किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा, जिला पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र कुमार मीणा, नगर परिषद सभापति सरोज अग्रवाल, जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुदर्शन सिंह तोमर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उर्मा शर्मा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता इन्द्रजीत मीणा, जिला कोषाधिकारी अंजनी कुमार शर्मा, विद्युत विभाग के एसई केके शुक्ला, महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक भैरूप्रकाश नागर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक राजाराम मीणा, तहसीलदार अर्जुनलाल मीणा सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भूपेन्द्र शर्मा ने किया।