Chittorgarh News: मौत के बाद भी नहीं थमा कहर, मधुमक्खियों के हमले में दो मरे, PPE किट पहनकर किया अंतिम संस्कार
बेगूं में मधुमक्खियों के दोहरे हमले ने हालात भयावह कर दिए जहां एक व्यक्ति की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार के दौरान फिर मधुमक्खियों का हमला हुआ और दर्जनों लोग घायल हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
विस्तार
जिले के बेगूं उपखंड क्षेत्र में मधुमक्खियों के हमले का दोहरा मामला सामने आया है। हवन कराने गए पारसोली निवासी एक व्यक्ति पर मंगलवार को मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिससे उनकी बुधवार सुबह मौत हो गई। वहीं पारसोली कस्बे में उनके अंतिम संस्कार के दौरान मोक्षधाम में फिर मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में 40 से अधिक लोग डंक से घायल हो गए। इनमें से सात गंभीर घायलों को चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय रैफर किया गया, जहां एक की आईसीयू में उपचार के दौरान मौत हो गई। उधर पारसोली मोक्षधाम में पीपीई किट पहनकर एक टीम ने मृतक का अंतिम संस्कार किया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
पारसोली सीआई ठाकराराम ने बताया कि पारसोली निवासी जमनालाल मंगलवार को कितिया गांव में हवन कराने गए थे, जहां मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर अवस्था में उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां घायल हुए 80 वर्षीय जमनेश पुत्र पन्नालाल सुखवाल निवासी पारसोली की बुधवार तड़के उपचार के दौरान चित्तौड़गढ़ में मृत्यु हो गई।
इसके बाद बुधवार को परिजन और रिश्तेदार शव को लेकर पारसोली मोक्षधाम पहुंचे। यहां शव रखकर अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू ही हुई थीं कि अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: 'पंचायत चुनाव से डरकर ग्रामीण विकास रोक रही भाजपा', टीकाराम जूली ने बताया 1900 करोड़ फंड पर संकट
इस दौरान करीब 40 से 50 लोग मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए। इनमें से सात की हालत गंभीर होने पर उन्हें चित्तौड़गढ़ रैफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार पारसोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया ने प्रशासनिक और चिकित्सा टीम को अलर्ट किया। तहसीलदार गोपाल जीनगर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सात गंभीर घायलों को चित्तौड़गढ़ जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जिनमें दो को आईसीयू, तीन को मेल मेडिकल वार्ड और दो को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया।
इनमें आईसीयू में भर्ती राणा सांगा बाजार निवासी 80 वर्षीय भवानी शंकर पांडिया की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया गया है कि उन्हें करीब 20 डंक लगे थे, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई और एक घंटे के भीतर उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं पारसोली निवासी राधेश्याम और मगनलाल को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है, जबकि कृष्णा भैरव ओझा सहित अन्य घायलों का उपचार मेडिकल वार्ड में जारी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.