Chittorgarh: प्रभारी मंत्री ने दुर्ग पर जल पूजन कर किया अभियान का आगाज, बोलीं- पीढ़ियों के लिए बचाना होगा पानी
Chittorgarh: समारोह में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि राज्य सरकार ने गंगा दशमी पर इस जन अभियान की शुरुआत की है, जिसका मुख्य उद्देश्य जल की हर बूंद को बचाना है। उन्होंने यह भी बताया कि पर्यावरण दिवस पर प्रारंभ किए गए इस अभियान के अंतर्गत ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने का भी संकल्प लिया गया है।
विस्तार
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत गुरुवार को जिला स्तरीय समारोह चित्तौड़ दुर्ग स्थित फत्ता तालाब पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार की महिला एवं बाल विकास तथा बाल अधिकारिता राज्यमंत्री और जिले की प्रभारी मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जल पूजन कर अभियान की विधिवत शुरुआत की। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली और जल संरक्षण का संदेश दिया।
प्रभारी मंत्री डॉ. बाघमार ने कहा कि जल ही जीवन है और राज्य सरकार की यह पहल जल संकट से निपटने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक जल स्रोतों — जैसे बावड़ियों और तालाबों की साफ-सफाई कर वर्षा जल का संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गिरते भूजल स्तर को बचाने के लिए सामूहिक भागीदारी बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि 5 जून से 20 जून तक राज्यभर में यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें जनसहभागिता के माध्यम से प्रत्येक जिले, उपखंड और ग्राम स्तर तक जल संरक्षण के संदेश को पहुंचाना है। डॉ. बाघमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अभियान को जनआंदोलन बनाएं और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार में जुटें।
पढ़ें: चंबल रिवर फ्रंट से हुआ ‘वंदे गंगा’ अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ, ‘जल है तो कल है’ का लिया संकल्प
समारोह में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि राज्य सरकार ने गंगा दशमी पर इस जन अभियान की शुरुआत की है, जिसका मुख्य उद्देश्य जल की हर बूंद को बचाना है। उन्होंने यह भी बताया कि पर्यावरण दिवस पर प्रारंभ किए गए इस अभियान के अंतर्गत ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने का भी संकल्प लिया गया है। राज्य में 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रभारी सचिव रोहित गुप्ता ने अपने संबोधन में बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले में इस बार 16 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने 'हरियालो चित्तौड़गढ़' अभियान के तहत जनसहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा दोनों साथ-साथ चलें, तभी अभियान सफल होगा। इस अवसर पर चित्तौड़गढ़ प्रधान देवेंद्र कुमार ने भी अभियान को जन आंदोलन बनाने की बात कही। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने अतिथियों को पौधा भेंट कर स्वागत किया।
समारोह में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलेक्टर विनोद कुमार मल्होत्रा, जिला परिषद के एसीईओ राकेश पुरोहित, प्रशिक्षु आईएएस रविंद्र कुमार, उपवन संरक्षक सहित अनेक जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।