Dausa Crime: दौसा में मूर्ति स्थापना को लेकर बवाल, पुलिस पर पथराव के बाद हवाई फायरिंग; पांच गिरफ्तार
जिले के लालसोट थाना क्षेत्र के लालपुरा गांव की ढंड की ढाणी में रात के समय खातेदारी भूमि में जबरन मूर्ति स्थापना को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पढ़ें पूरी खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दौसा जिले के लालसोट थाना क्षेत्र के लालपुरा गांव की ढंड की ढाणी में खातेदारी भूमि पर जबरन मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद हिंसक हो गया। खातेदार की जमीन पर मूर्ति लगाने के प्रयास की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने पथराव कर दिया। इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ने पर पुलिस को बचाव में हवाई फायरिंग करनी पड़ी, जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई।
अचानक हुए पथराव में पुलिस वाहन का शीशा भी टूट गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मंडावरी, झापदा, रामगढ़ पचवारा और दौसा पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। अतिरिक्त जाब्ते के पहुंचने के बाद हालात पर काबू पाया गया।
पुलिस ने इस मामले में आठ नामजद समेत 50 से 60 अन्य लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने और जातीय वैमनस्य फैलाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। वहीं खातेदार ने भी 22 लोगों के खिलाफ जमीन पर कब्जे और जबरन मूर्ति स्थापना के प्रयास का मामला दर्ज कराया है।
पढ़ें: गृह मंत्री शाह को भाटी का खून से पत्र, गिरल आंदोलन पर गरमाई सियासत; मदन राठौड़ ने उठाए गंभीर सवाल
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाथूलाल, हनुमान, कमलेश, रवि और रामस्वरूप नाम के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जिसके मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस रात के दौरान कानून हाथ में लेने और पुलिस पर हमला करने वाले अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
थानाधिकारी पवन कुमार जाट ने बताया कि बीती रात खातेदारी भूमि में प्रतिमा लगाने के प्रयास की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस पर कुछ लोगों ने अंधेरे का फायदा उठाकर पथराव कर दिया। पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रतिमा को सुरक्षित थाने में रखवा दिया गया है। मामले में राजकार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।