{"_id":"6a1828d0604bb3d21303df91","slug":"a-young-man-was-tied-to-a-tree-on-suspicion-of-theft-police-took-him-to-the-hospital-he-died-during-treatment-causing-an-uproar-dausa-news-c-1-1-noi1437-4331796-2026-05-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dausa: बाइक चोरी के शक में युवक को पीटकर पेड़ से बांधा, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने किया हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dausa: बाइक चोरी के शक में युवक को पीटकर पेड़ से बांधा, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने किया हंगामा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दौसा
Published by: दौसा ब्यूरो
Updated Thu, 28 May 2026 05:44 PM IST
विज्ञापन
सार
बांदीकुई में बाइक चोरी के शक में ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर उसकी पिटाई की और उसे पेड़ से बांध दिया, बाद में पुलिस ने उसे अस्पताल भेजा जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बवाल कर दिया।
बाइक चोरी के शक में युवक को पेड़ से बांध, अस्पताल में हुई मौत
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
जिले के बांदीकुई उपखंड में गुरुवार को बाइक चोरी के शक में एक युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने पकड़कर युवक को पेड़ से बांध दिया था। पुलिस उसे छुड़ाकर अस्पताल लेकर पहुंची लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल में हंगामा कर दिया।
बसवा थाना के ड्यूटी ऑफिसर दारा सिंह ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे सूचना मिली थी कि पंडितपुरा गांव में लोगों ने एक युवक को बाइक चोरी के शक में पकड़कर पेड़ से बांध रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान युवक की हालत बिगड़ी हुई थी। पुलिस ने उसे तत्काल सरकारी जीप से बसवा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए बांदीकुई उप जिला अस्पताल रैफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दिनेश मीणा (32) निवासी बसवा रोड, बांदीकुई के रूप में हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: बीकानेर में भीषण सड़क हादसा: यात्रियों से भरी ट्रैवलर और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, तीन की मौत; कई लोग घायल
Trending Videos
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि दिनेश कथित रूप से बाइक चोरी कर पंडितपुरा गांव की ओर भाग रहा था। इस दौरान लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। शोर सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई और युवक को पेड़ से बांध दिया गया। पुलिस जब मौके पर पहुंची और रस्सी खोलकर युवक को खड़ा करने की कोशिश की गई तो वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। बांदीकुई अस्पताल में युवक की जांच करने वाले डॉक्टर अचल शर्मा ने बताया कि युवक के शरीर पर रस्सी से बांधने के निशान मिले हैं। हालांकि बाहरी तौर पर गंभीर चोट के निशान नहीं मिले। उन्होंने कहा कि मौत गर्मी, अंदरूनी चोट या अन्य किसी कारण से हुई है या नहीं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक के साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई। मृतक के मौसा जगमोहन ने कहा कि दिनेश निर्दोष था और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक वे शव नहीं लेंगे।
परिजनों के विरोध और बढ़ते तनाव को देखते हुए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकरलाल मीणा भी बांदीकुई अस्पताल पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। परिजनों के अनुसार दिनेश पहले अहमदाबाद में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता था और करीब दो महीने पहले ही बांदीकुई लौटा था। उसकी डेढ़ साल की एक बेटी है। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में दो छोटे भाई भी हैं।
बसवा थाना प्रभारी हनुमान सहाय ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि युवक के साथ किन-किन लोगों ने मारपीट की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।