Rajasthan: शादी के दबाव में 400 किमी दूर लाकर की प्रेमिका की हत्या, तीन महीने बाद मिला कंकाल; कैसे खुला राज?
मध्य प्रदेश के एक युवक ने दूसरी शादी तय होने पर कथित तौर पर अपनी 16 वर्षीय प्रेमिका की हत्या कर शव राजस्थान के दौसा में चार फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया। तीन महीने बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कंकाल बरामद किया, जिसकी डीएनए जांच होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने दोनों राज्यों की पुलिस को भी हैरान कर दिया। पुलिस के अनुसार, एक युवक ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका की कथित तौर पर इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसकी शादी किसी दूसरी युवती से तय हो गई थी। आरोप है कि प्रेमिका उस पर शादी का दबाव बना रही थी। हत्या के बाद आरोपी शव को छिपाने के लिए राजस्थान के दौसा जिले ले गया और रेलवे ट्रैक के पास एक सुनसान खाली प्लॉट में करीब चार फीट गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया। करीब तीन महीने बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने मंगलवार को आरोपी की निशानदेही पर दौसा में खुदाई कराई। खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से मिले अवशेषों ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
शादी के दबाव से बचने के लिए रची साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की मार्च महीने में किसी दूसरी युवती से शादी तय हो गई थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद उसकी 16 वर्षीय प्रेमिका उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगी। इससे छुटकारा पाने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची।
दौसा ले जाकर की हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी बहाने से नाबालिग को ट्रेन से राजस्थान के दौसा ले गया, जहां वह पहले काम करता था। वहां रेलवे ट्रैक के पास स्थित एक सुनसान खाली प्लॉट में उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को सफेद रंग के कट्टे में भरकर करीब चार फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया और वापस मध्य प्रदेश लौटकर अपनी तयशुदा शादी कर ली।
पढ़ें: सास गिरिबाला और पति समर्थ की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ी, CFSL रिपोर्ट का इंतजार बाकी
मोबाइल नहीं होने से जांच हुई मुश्किल
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग के पास मोबाइल फोन नहीं था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना संभव नहीं हो सका। मार्च में उसके लापता होने पर परिजनों ने मध्य प्रदेश के स्थानीय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने शुरू से ही आरोपी युवक पर शक जताया था। इसी आधार पर पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। जांच में पता चला कि आरोपी पहले दौसा में काम कर चुका था।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुख्ता सबूत मिलने के बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली और शव दफनाने की जगह भी बता दी।
खुदाई में मिला कंकाल, होगी डीएनए जांच
आरोपी की निशानदेही पर मध्य प्रदेश पुलिस स्थानीय पुलिस के सहयोग से दौसा पहुंची और चिन्हित प्लॉट में खुदाई कराई। करीब चार फीट गहराई पर सफेद रंग का कट्टा मिला, जिसमें मानव कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर डीएनए जांच के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि मृतका की आधिकारिक पहचान की पुष्टि की जा सके। आरोपी को गिरफ्तार कर मध्य प्रदेश पुलिस अपने साथ ले गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।