Rajasthan: 'कांग्रेस राष्ट्रहित के खिलाफ काम कर रही, गहलोत ‘पुत्र मोह’ में फंसे', भाजपा के मदन राठौड़ का आरोप
Jaipur News: जयपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर राष्ट्रहित के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी और अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष देश की छवि खराब कर रहा है और परिवारवाद से बाहर नहीं निकल पा रहा।
विस्तार
राजधानी जयपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष राष्ट्रहित के खिलाफ काम कर रहा है और देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को निशाने पर लेते हुए कहा कि संकट के समय सभी राजनीतिक दलों को राष्ट्र के साथ खड़ा होना चाहिए, लेकिन कांग्रेस लगातार भ्रामक बयानबाजी कर रही है।
राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयानों से यह स्पष्ट होता है कि उनमें राष्ट्रभक्ति का अभाव है। उन्होंने भाजपा पर राष्ट्रभक्ति थोपने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जब ‘दुश्मन देश’ के खिलाफ सख्त शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है, तो कांग्रेस को आपत्ति होती है, जो उनकी सोच को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसे शब्दों से किसे और क्यों परेशानी हो रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘अभाव’ और संकट की झूठी तस्वीर पेश कर देश में अव्यवस्था फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष वास्तव में राष्ट्रहित में काम करना चाहता है, तो उसे नकारात्मक राजनीति छोड़कर रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए राठौड़ ने कहा कि भारत को आज तक इतना मजबूत और प्रभावशाली नेतृत्व नहीं मिला। उन्होंने कहा कि मोदी की वैश्विक स्तर पर मजबूत पकड़ के कारण भारत की साख बढ़ी है और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के नए अवसर खुले हैं, जिससे देश की स्थिति पहले से अधिक मजबूत हुई है।
पढ़ें- श्रीगंगानगर मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार: रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की ली थी सुपारी; लॉरेंस गैंग से कैसा नाता?
राठौड़ ने अशोक गहलोत पर व्यक्तिगत हमला करते हुए कहा कि वे ‘पुत्र मोह’ से ग्रसित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत ने अपने पुत्र वैभव गहलोत को आगे बढ़ाने के लिए कई अवसर दिए, जिसमें राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का अध्यक्ष बनाना और चुनाव में उतारना शामिल है, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद से बाहर नहीं निकल पा रही है, जो उसकी सबसे बड़ी कमजोरी है। राठौड़ ने तंज कसते हुए कहा कि “खुद तो गुड़ खाएं और दूसरों को गुड़ छोड़ने की सलाह दें” जैसी राजनीति अब ज्यादा समय तक नहीं चलने वाली।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.