Jaipur:'परसों तक 5 करोड़ दो, नहीं तो...', कारोबारी को आई गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम की धमकी; परिवार में दहशत
जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र में एक कारोबारी को गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। कारोबारी को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर धमकी दी गई कि तय समय तक पैसे नहीं दिए तो उसकी हत्या कर दी जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जयपुर के श्याम नगर थाना इलाके में एक कारोबारी को गैंगस्टर के नाम पर धमकी देकर 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कारोबारी और उसके परिवार में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कॉल से जुड़े तकनीकी पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
विदेशी नंबर से आया व्हाट्सएप कॉल
पुलिस के अनुसार, श्याम नगर निवासी कारोबारी के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 18 मई की दोपहर करीब 4 बजे कारोबारी के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा बताया और 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। आरोपी ने धमकी दी कि अगर तय समय यानी “परसों तक” पैसे नहीं दिए गए तो कारोबारी की हत्या कर दी जाएगी।
परिवार में दहशत, पुलिस से लगाई मदद की गुहार
धमकी मिलने के बाद कारोबारी परिवार घबरा गया और तुरंत श्याम नगर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। थाना अधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि कॉल और नंबर से जुड़ी तकनीकी जानकारी जुटाने के लिए मेटा को सूचना भेजी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कॉल इंटरनेट आधारित एप से किया गया था या किसी अन्य तकनीकी माध्यम से विदेशी नंबर दिखाया गया।
फर्जी पहचान और तकनीकी खेल की आशंका
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में कॉल विदेशी नंबर से होना सामने आया है। हालांकि, यह भी संभावना जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति ने फर्जी पहचान और तकनीकी साधनों का इस्तेमाल कर कारोबारी को डराने की कोशिश की हो। साइबर टीम और तकनीकी विशेषज्ञ कॉल की लोकेशन, आईपी नेटवर्क और डिजिटल ट्रेल की जांच कर रहे हैं।
साइबर एक्सपर्ट ने बताई तकनीक की सच्चाई
साइबर एक्सपर्ट राघव शर्मा के अनुसार, वर्तमान समय में कई ऐसे एप उपलब्ध हैं जिनकी मदद से वर्चुअल नंबर जनरेट किए जा सकते हैं। इन एप्स के जरिए कोई भी व्यक्ति अपनी असली पहचान छिपाकर किसी दूसरे देश का नंबर दिखाकर कॉल कर सकता है।उन्होंने बताया कि वीपीएन और इंटरनेट कॉलिंग तकनीक के कारण ऐसे कॉल को ट्रेस करना काफी मुश्किल हो जाता है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी देने वाला वास्तव में किसी गैंग से जुड़ा है या फिर किसी ने डराने के उद्देश्य से फर्जी कॉल किया है।