Jaipur News: जयपुर में सरस दूध हुआ महंगा, 21 मई शाम से नई दरें लागू; दही, छाछ, लस्सी और पनीर के दाम भी बढ़े
जयपुर डेयरी ने सरस दूध के दाम 2 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। नई दरें 21 मई शाम से लागू होंगी। दही, छाछ, लस्सी और पनीर भी महंगे हुए हैं। डेयरी ने दुग्ध उत्पादकों के लिए खरीद मूल्य में भी बढ़ोतरी की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी जयपुर और दौसा के उपभोक्ताओं को अब सरस दूध के लिए ज्यादा कीमत चुकानी होगी। जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (जयपुर डेयरी) ने सरस दूध के दामों में प्रति लीटर 2 रुपए की बढ़ोतरी की है। नई दरें 21 मई की शाम से लागू होंगी।
डेयरी प्रशासन ने दूध के साथ-साथ दही, छाछ, लस्सी और पनीर समेत अन्य दुग्ध उत्पादों की कीमतों में भी इजाफा किया है। बढ़ी हुई दरों का असर 21 मई की शाम से मिलने वाली सप्लाई पर दिखाई देगा।
दिलचस्प बात यह है कि जयपुर डेयरी वर्तमान में 100 करोड़ रुपए से अधिक के शुद्ध लाभ में है। ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर उपभोक्ताओं के बीच सवाल उठ रहे हैं कि मुनाफे में चल रही डेयरी ने आम लोगों को राहत देने के बजाय उत्पादों के दाम बढ़ाने का फैसला क्यों लिया।
पनीर, दही और छाछ भी महंगे
डेयरी ने पनीर की कीमतों में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। 200 ग्राम पनीर का पैकेट अब 74 रुपए की बजाय 80 रुपए में मिलेगा, यानी 6 रुपए की वृद्धि हुई है। वहीं 1 किलो पनीर पैक की कीमत 362 रुपए से बढ़ाकर 385 रुपए कर दी गई है।
दही के दामों में भी इजाफा किया गया है। 200 ग्राम दही का पैक अब 16 रुपए के बजाय 18 रुपए में मिलेगा, जबकि 400 ग्राम दही के पैकेट की कीमत 32 रुपए से बढ़कर 36 रुपए हो गई है। इसके अलावा सादा छाछ पर 1 रुपए, जबकि नमकीन छाछ और लस्सी पर 2-2 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।
पिछले दो साल में लगातार बढ़े दाम
जयपुर डेयरी इससे पहले अगस्त 2025 और अगस्त 2024 में भी दूध की कीमतों में 2-2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर चुकी है। वर्ष 2017 से अब तक दूध के दामों में 12 बार इजाफा किया जा चुका है।
जयपुर डेयरी की सप्लाई मुख्य रूप से जयपुर और दौसा जिलों में होती है। डेयरी प्रतिदिन इन दोनों जिलों में करीब 11.60 लाख लीटर दूध की आपूर्ति करती है। ऐसे में नई दरों का सीधा असर लाखों उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
दुग्ध उत्पादकों को भी मिलेगा फायदा
डेयरी प्रशासन ने विक्रय मूल्य बढ़ाने के साथ-साथ दूध खरीद मूल्य में भी वृद्धि की है। डेयरी ने खरीद दर में 25 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की बढ़ोतरी की है। अब दुग्ध उत्पादकों को 850 रुपए प्रति किलोग्राम फैट के बजाय 875 रुपए प्रति किलोग्राम फैट के हिसाब से भुगतान किया जाएगा।