Jaipur News: नशे में वाहन चलाने वालों की अब खैर नहीं, मोबाइल कोर्ट ने लिया बड़ा एक्शन, वाहन जब्त किए
जयपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए गए विशेष अभियान में मोबाइल कोर्ट ने यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान नशे में वाहन चलाने और पुलिस नाकाबंदी तोड़ने जैसे मामलों में वाहन जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जयपुर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट विजय कुमार सिरोहीवाल के निर्देशन में रोड नंबर-12, वीकेआई और सीकर रोड क्षेत्र में मोबाइल कोर्ट ने सघन जांच अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की। अभियान के दौरान बस, ट्रक, ट्रैक्टर, कार, टैक्सी और दोपहिया सहित विभिन्न प्रकार के वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।
सहायक अभियोजन अधिकारी दिनेश लोहिया ने बताया कि जांच के दौरान एक वाहन चालक ने पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी। इसके अलावा बस संख्या आरजे-23 पीबी-8508 और ट्रैक्टर संख्या आरजे-23 आरवी-1805 के चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। दोनों वाहनों को जब्त कर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
ये भी पढ़ें: Rajasthan Crime: तस्कर ने तस्करों को ऐसे बनाया शिकार! खुद ही पुलिस से पकड़वा दिया नकली माल
सहायक अभियोजन अधिकारी ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आमजन की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नरमी नहीं बरती जाएगी। न्यायालय के निर्देशानुसार नशे में वाहन चलाने, लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग करने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि मोबाइल कोर्ट की ओर से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात अनुशासन को मजबूत करना और लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करना है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग अपनाकर स्वयं तथा दूसरों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करें।