Rajasthan IMD Forecast:राजस्थान में प्री-मानसून की दस्तक तेज, अगले 5 दिन बारिश-आंधी का दौर; कई जिलों में अलर्ट
राजस्थान में अगले 5 दिन आंधी और बारिश का दौर चलेगा। IMD के अनुसार पूर्वी राजस्थान में मौसम सक्रिय रहेगा। बीकानेर-चूरू समेत कई जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान में मानसून की एंट्री से पहले प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से सक्रिय हो गई हैं। पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ लाइन के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और मेघगर्जन का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, दौसा, अलवर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और बीकानेर संभाग के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि वज्रपात की घटनाओं की भी आशंका जताई गई है।
राजधानी जयपुर में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शेखावाटी क्षेत्र के सीकर और झुंझुनूं में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
वहीं अलवर, दौसा, भरतपुर और करौली जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक का दौर बना रह सकता है।
उधर पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। किसानों को खेतों में रखी उपज और कृषि उपकरणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्री-मानसून की यह सक्रियता प्रदेश में तापमान को नियंत्रित रखने के साथ मानसून की प्रगति के लिए भी अनुकूल संकेत मानी जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहाना रहने की संभावना है।