Teacher Recruitment Scam: शिक्षक भर्ती में फर्जी खेल प्रमाण-पत्र घोटाला; ताइक्वांडो संघ का पूर्व सचिव गिरफ्तार
एसओजी ने शिक्षक भर्ती-2022 के खेल कोटा फर्जीवाड़े में ताइक्वांडो संघ के पूर्व सचिव बुद्धाराम टांक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने पैसे लेकर फर्जी राष्ट्रीय खेल प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती-2022 में खेल कोटे के तहत फर्जी राष्ट्रीय स्तर के ताइक्वांडो प्रमाण-पत्रों के इस्तेमाल के मामले में ताइक्वांडो खेल संघ के पूर्व सचिव बुद्धाराम टांक को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि कर्मचारी चयन बोर्ड की शिक्षक भर्ती परीक्षा में खेल कोटे से चयनित अभ्यर्थियों ने राष्ट्रीय स्तर के फर्जी खेल प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किए थे। इन प्रमाण-पत्रों के सत्यापन के लिए ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के नाम से मिलती-जुलती फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर शिक्षा विभाग को नकली सत्यापन रिपोर्ट भेजी गई।
इस मामले में पहले ही फर्जी ई-मेल के जरिए सत्यापन रिपोर्ट भेजने वाले विमलेन्दु कुमार झा और उसके सहयोगी कमल शाह को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा मार्च 2026 में 20 अभ्यर्थियों, तीन सहयोगियों और एक दलाल को भी गिरफ्तार किया गया था।
यह भी पढें- Rajasthan News: खाटू में उमड़ा आस्था का सैलाब! निर्जला एकादशी मेले में लाखों भक्तों की दस्तक
पूछताछ में खुलासा हुआ कि बुद्धाराम टांक ने कुछ अभ्यर्थियों को शिक्षक भर्ती में चयन दिलाने के उद्देश्य से बैकडेट में राष्ट्रीय स्तर के ताइक्वांडो प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए थे। प्रत्येक प्रमाण-पत्र के लिए करीब दो लाख रुपये की डील तय हुई थी, जबकि अभ्यर्थियों से डेढ़-डेढ़ लाख रुपये वसूले गए।
एसओजी के अनुसार, बुद्धाराम ने अपने संपर्कों के जरिए फर्जी खेल प्रमाण-पत्र तैयार करवाकर अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराए, जिन्हें बाद में भर्ती प्रक्रिया में दस्तावेजों के साथ जमा किया गया। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।