{"_id":"6a3cdd311a7a4a66a30d6320","slug":"gehlot-backs-dotasra-calls-kirori-meenas-allegations-baseless-signals-new-political-equations-in-congress-jaipur-news-c-1-1-noi1422-4433253-2026-06-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jaipur: डोटासरा के बचाव में उतरे गहलोत, किरोड़ी के आरोपों को बताया झूठा, पार्टी में नए सियासी समीकरण के संकेत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jaipur: डोटासरा के बचाव में उतरे गहलोत, किरोड़ी के आरोपों को बताया झूठा, पार्टी में नए सियासी समीकरण के संकेत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: जयपुर ब्यूरो
Updated Thu, 25 Jun 2026 04:10 PM IST
सार
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के आरोपों के बाद राजस्थान की राजनीति में नया सियासी घमासान शुरू हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गोविंद सिंह डोटासरा का बचाव करते हुए किरोड़ी के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।
विज्ञापन
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा द्वारा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर लगाए गए आरोपों के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खुलकर डोटासरा के समर्थन में उतर आए हैं। गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर किरोड़ी के आरोपों को पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद बताया है।
विज्ञापन
गहलोत ने कहा कि डॉ. किरोड़ीलाल मीणा सरकार बनने से पहले और मंत्री बनने के बाद भी लगातार विभिन्न नेताओं पर आरोप लगाते रहे हैं लेकिन उनके किसी भी आरोप की अब तक पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में किरोड़ी द्वारा लगाए गए तमाम आरोप हवा साबित हुए हैं। अब जब स्वयं उन पर आरोप लगे हैं तो वे मुख्यमंत्री पर दबाव बनाने और जांच एजेंसियों को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं।
विज्ञापन
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि खुद को घिरता देखकर किरोड़ी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर अनर्गल और तथ्यहीन आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाता है और जनता सब कुछ देख रही है। गहलोत ने कहा कि राजनीति में बिना तथ्यों के किसी पर आरोप लगाना उचित नहीं है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Teacher Recruitment Scam: शिक्षक भर्ती में फर्जी खेल प्रमाण-पत्र घोटाला; ताइक्वांडो संघ का पूर्व सचिव गिरफ्तार
जोधपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान भी गहलोत ने किरोड़ी पर निशाना साधते हुए कहा कि डोटासरा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हैं और पार्टी अध्यक्ष की अपनी एक प्रतिष्ठा होती है। यदि बिना सबूत बार-बार उन पर आरोप लगाए जाएंगे तो पार्टी में स्वाभाविक रूप से प्रतिक्रिया होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी इस मुद्दे को लेकर नाराजगी है। इस बीच गहलोत समर्थक और पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने भी डोटासरा का समर्थन करते हुए कहा कि किरोड़ी की बयानबाजी उनकी हताशा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि झूठ की राजनीति का अंत तय है और जनता सब समझ रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार कांग्रेस के विपक्ष में आने के बाद यह पहला अवसर है जब अशोक गहलोत ने इस तरह खुलकर गोविंद सिंह डोटासरा का बचाव किया है। इसे कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति, गुटीय समीकरणों और भविष्य की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि गहलोत का यह रुख प्रदेश कांग्रेस में नए राजनीतिक समीकरणों और संभावित एकजुटता का संकेत भी हो सकता है।