Rajasthan: बढ़ते हादसों पर जोगेश्वर गर्ग बोले- यह संयोग है, भविष्यवाणी पहले से थी; अंता उपचुनाव पर जीत का दावा
Rajasthan News: जोधपुर में मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि राजस्थान समेत देशभर में हो रहे हादसों की भविष्यवाणी पहले ही की जा चुकी थी। उन्होंने अंता उपचुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत का दावा कर कांग्रेस पर तंज कसे।
विस्तार
राजस्थान में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि हादसे केवल राजस्थान में ही नहीं, बल्कि पूरे देश और दुनिया में हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले अमेरिका में सड़क दुर्घटनाओं का नामोनिशान नहीं था, लेकिन अब वहां भी हादसे बढ़ रहे हैं। हमारे यहां बसों और कारों में आग लग रही है। पाली के पास स्कॉर्पियो हादसे में पांच दरवाजे होने के बावजूद पांचों लोग नहीं बच सके, यह मात्र संयोग कहा जा सकता है।
‘यह सब पहले से भविष्यवाणी में था’
गर्ग ने स्पष्ट किया कि उन्हें ज्योतिष विज्ञान पर गहरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि विक्रम संवत 2082 के प्रारंभ में देश सहित जोधपुर के कई ज्योतिषाचार्यों ने यह भविष्यवाणी की थी कि इस वर्ष हादसे, आग और जनहानि बड़ी मात्रा में होंगी। यह भी कहा गया था कि युद्ध, भूकंप और बाढ़ जैसी आपदाएं देश-विदेश में बढ़ेंगी। अब जो घटनाएं हो रही हैं, वे उसी भविष्यवाणी का परिणाम हैं।
‘अंता उपचुनाव में जनता का फैसला एकतरफा भाजपा के पक्ष में होगा’
जोगेश्वर गर्ग ने अंता विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भले ही मजबूत प्रत्याशी (प्रमोद जैन भाया को) उतारे, लेकिन भाजपा की जीत एकतरफा होगी। गर्ग ने मीडिया से बातचीत में कहा कि निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा की भाषा पर किसी तरह का कोई कंट्रोल नहीं है, फिर कभी भी कुछ भी कह सकते हैं। एक अलग तरह की राजनीति उनकी है। वह अपने अनुसार चल रहे हैं।
भाजपा को लेकर जताया भरोसा, कांग्रेस पर साधा निशाना
गर्ग ने कांग्रेस पर तंज कसा कि पिछले उपचुनाव में भी कांग्रेस ने दावा किया था कि वह कई सीटें जीतेगी, लेकिन चार सीटों में से केवल एक ही बचा पाई। इस बार भी कुछ ऐसा ही नतीजा सामने आएगा। जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि भाजपा के लिए माहौल पूरी तरह अनुकूल है और सत्ता-विरोधी लहर नगण्य है। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया के बारे में कहा कि वे निस्संदेह एक मजबूत उम्मीदवार हैं, लेकिन जितने उनके प्लस पॉइंट हैं, उतने ही माइनस पॉइंट भी।
यह भी पढ़ें- विवादित खनन परियोजना: 'अगर पता होता सरकार... तो हम इसे वोट नहीं देते', व्यथा सुनाते हुए रोते रहे सैकड़ों लोग
उन्होंने बिहार चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एनडीए गठबंधन की मजबूती दिखी और उसी का लाभ भाजपा को मिल रहा है। गर्ग ने लालू प्रसाद यादव परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग अब ‘जंगल राज’ हटाने की बात कर रहे हैं, वही कभी बिहार में ‘जंगल राज’ लेकर आए थे। चारा घोटाला और नौकरी के बदले जमीन के मामलों में उनका परिवार पहले से ही आरोपित है।
राहुल गांधी पर टिप्पणी- वोट चोरी का मुद्दा फेल हुआ
जोगेश्वर गर्ग ने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी के मुद्दे’ पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया। गर्ग ने बताया कि चुनाव आयोग ने आठ करोड़ मतदाताओं का परीक्षण किया, लेकिन एक भी मतदाता ऐसा सामने नहीं आया जिसने कहा कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। राहुल गांधी का यह मुद्दा पूरी तरह फेल हो गया है और अब उनके पास कोई ठोस एजेंडा नहीं बचा है।
यह भी पढ़ें- लुटेरी या दुल्हन: सात फेरों के कुछ घंटे बाद लाखों की नकदी-जेवर लेकर फरार हुई ‘ठगिनी’, इस बयान से गहराया रहस्य
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.