पाली में पुलिस-तस्कर मुठभेड़: डोडा पोस्त से भरी स्कॉर्पियो जब्त, एक तस्कर घायल; दूसरा गिरफ्तार
पाली जिले के रानी थाना क्षेत्र में नाडोल के पास पुलिस और डोडा पोस्त तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग में एक तस्कर घायल हुआ, एक गिरफ्तार हुआ। डोडा पोस्त से भरी स्कॉर्पियो जब्त की गई, जबकि दूसरी गाड़ी फरार हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाली जिले के रानी थाना क्षेत्र में गुरुवार अलसुबह पुलिस और डोडा पोस्त तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। नाडोल के पास की गई नाकेबंदी के दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक तस्कर घायल हो गया। वहीं उसके एक साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दो वाहनों में भारी मात्रा में डोडा पोस्त की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर नाडोल क्षेत्र में नाकेबंदी की गई। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन तस्करों ने वाहन रोकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के पैर में गोली लग गई। घायल तस्कर की पहचान बाड़मेर निवासी खेताराम के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पढ़ें: ‘जनता की आवाज उठाना अपराध है तो मैं अपराधी हूं’, गिरल आंदोलन के बाद भाटी का सरकार पर हमला
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खेताराम के साथी भैराराम, निवासी बाड़मेर, को भी गिरफ्तार कर लिया। मौके से डोडा पोस्त से भरी एक स्कॉर्पियो जब्त की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ भरा हुआ था।
हालांकि तस्करों की दूसरी गाड़ी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई। इसके बाद पाली के साथ-साथ जालौर और सिरोही जिलों में भी नाकेबंदी कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही बाली के सीओ पारस चौधरी मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं पाली एसपी मोनिका सेन भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार तस्करों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।