Kota News: ओलावृष्टि ने छीनी फसल, कम दाम ने तोड़ी उम्मीद… मंडी में ही थम गई किसान की सांसें
Kota News: कोटा जिले में गेहूं के कम दाम मिलने से आर्थिक दबाव झेल रहे किसान हंसराज वैष्णव की मंडी में ही अचानक तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, कर्ज और नुकसान के कारण वे लंबे समय से तनाव में थे।
विस्तार
राजस्थान के कोटा जिले में गेहूं बेचने भामाशाह मंडी पहुंचे एक किसान की अचानक मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक किसान झाड़ अमली गांव के निवासी थे, जो किराए पर जमीन लेकर खेती करते थे। वहीं अनंतपुरा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अनंतपुरा थाने के एसआई घमंडी लाल ने बताया कि मृतक किसान हंसराज वैष्णव मंडी के यार्ड में फसल बेचने के लिए खड़े थे। इसी दौरान वे बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। हालांकि प्रारंभिक रूप से हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है।
किराए पर खेत लेकर किसाने उगाई थी फसल
वहीं परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, हंसराज के पास 4 बीघा जमीन थी। इस बार उन्होंने 10 बीघा जमीन किराए पर लेकर गेहूं की खेती की थी। हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि से उनकी फसल खराब हो गई थी। हंसराज पिकअप वाहन में गेहूं लेकर बेचने मंडी पहुंचे थे, जहां उन्हें गेहूं के कम दाम बताए गए। इससे वे तनाव में आ गए और अचानक हार्ट अटैक आ गया। परिजनों के अनुसार, उन्हें पहले कोई बीमारी नहीं थी।
ये भी पढ़ें: गैस संकट का असर, जैन तीर्थों की भोजनशालाएं बंद, निराश लौट रहे श्रद्धालु
किसान पर था 8 लाख का कर्ज
बताया जा रहा है कि पिछले साल भी उनकी सोयाबीन की फसल खराब हो गई थी और उन पर करीब 8 लाख रुपये का कर्ज था। लगातार फसल खराब होने से वे काफी परेशान चल रहे थे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.