Kota News: कोटा से भोपाल अब दूर नहीं! 9 घंटे का सफर सिमटकर 5 घंटे में, जल्द मिलेगा एक और एक्सप्रेस-वे
कोटा और भोपाल के बीच जल्द ही एक नए एक्सप्रेस-वे के निर्माण से दूरी और यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी। दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे से जुड़े कोटा–विदिशा एक्सप्रेस-वे के जरिए कोटा से भोपाल का सफर करीब 5 घंटे में पूरा हो सकेगा।
विस्तार
राजस्थान के कोटा जिले को एक और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट की सौगात मिलने जा रही है। दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे के साथ-साथ अब कोटा को मध्यप्रदेश से जोड़ने वाला एक नया एक्सप्रेस-वे भी मिलेगा। इस एक्सप्रेस-वे के बनने से कोटा और भोपाल के बीच की दूरी और यात्रा समय दोनों में बड़ी कमी आएगी।फिलहाल कोटा से भोपाल की दूरी करीब 345 किलोमीटर है, जिसे नेशनल हाईवे-52 के जरिए तय करने में लगभग 9 घंटे का समय लगता है। लेकिन नए एक्सप्रेस-वे के निर्माण के बाद यह सफर घटकर करीब 5 घंटे में पूरा हो सकेगा। इसके साथ ही कोटा से भोपाल की सीधी कनेक्टिविटी भी स्थापित हो जाएगी।
इस एक्सप्रेस-वे की घोषणा हाल ही में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने की है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के अधिकारियों के अनुसार, कोटा–विदिशा एक्सप्रेस-वे की शुरुआत कोटा में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे से ही की जा सकती है। हालांकि फिलहाल इस एक्सप्रेस-वे का रूट एलाइनमेंट तय नहीं हुआ है, लेकिन इसे कोटा से गुना होते हुए विदिशा की ओर ले जाने की संभावना जताई जा रही है। वर्तमान में कोटा से विदिशा की दूरी करीब 350 किलोमीटर और सागर की दूरी लगभग 410 किलोमीटर है। प्रस्तावित कोटा–विदिशा एक्सप्रेस-वे से करीब 75 किलोमीटर की दूरी कम होने की बात कही गई है।
यह भी पढ़ें- Live Rajasthan Assembly Session Live: मासूम के साथ दुष्कर्म का मामला सदन में गूंजा, कांग्रेस विधायक ने उठाए सवाल
यदि यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे सीधे बनाया जाता है, तो कोटा से विदिशा की दूरी घटकर लगभग 250 किलोमीटर रह जाएगी, जबकि सागर की दूरी करीब 350 किलोमीटर के आसपास हो सकती है। वर्तमान में कोटा से भोपाल जाने के लिए नेशनल हाईवे-52 का उपयोग किया जाता है, जो झालावाड़ और अकलेरा होते हुए मध्यप्रदेश के भोपाल तक जाता है। इस मार्ग से कोटा से भोपाल की दूरी करीब 345 किलोमीटर है, जबकि विदिशा से भोपाल की दूरी लगभग 50 किलोमीटर है।
ऐसे में कोटा–विदिशा एक्सप्रेस-वे बनने के बाद कोटा से भोपाल की दूरी भी घटकर करीब 300 किलोमीटर रह जाएगी। इस मार्ग से यात्रा करने पर समय भी करीब चार से पांच घंटे का ही लगेगा। इस नए एक्सप्रेस-वे से कोटा और भोपाल दोनों शहरों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही भोपाल से जयपुर जाने वाले वाहनों को भी एक सीधा और तेज सड़क मार्ग उपलब्ध हो सकेगा, जिससे क्षेत्रीय आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।