LPG Crisis: खैरथल-तिजारा में गैस कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन का औचक निरीक्षण, एजेंसियों की जांच शुरू
Rajasthan LPG Crisis: खैरथल-तिजारा में घरेलू एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्टॉक, बुकिंग और वितरण व्यवस्था की जांच कर कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग और देरी रोकने के निर्देश दिए।
विस्तार
खैरथल-तिजारा जिले में घरेलू एलपीजी गैस की सुचारू और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी व अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को जिलेभर की गैस एजेंसियों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं विभिन्न उपखंड अधिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर गैस वितरण व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित रिकॉर्ड की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एजेंसियों के स्टॉक रजिस्टर, गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, उपभोक्ताओं की बुकिंग प्रणाली और डिलीवरी व्यवस्था को बारीकी से परखा। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर मिल रहे हैं या नहीं। कई स्थानों पर अधिकारियों ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से भी बातचीत कर फीडबैक लिया और वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाई।
जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी ने बताया कि वर्तमान में जिले में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक नियमित रूप से गैस सिलेंडर पहुंचाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर गैस की कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग या कृत्रिम कमी जैसी स्थिति उत्पन्न न हो सके।
एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बुकिंग के बाद डिलीवरी में अनावश्यक देरी न हो और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिले। साथ ही एजेंसियों को स्टॉक और वितरण से संबंधित रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
अनियमितता पर होगी कड़ी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी गैस एजेंसी में अनियमितता, ओवरचार्जिंग या कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.