Kotputli News: केमिकल टैंक में गिरे मजदूर की जयपुर में इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने कंपनी के गेट पर दिया धरना
Rajasthan News: कोटपूतली के केशवाना औद्योगिक क्षेत्र में हादसे के दो दिन बाद घायल मजदूर ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन शव लेकर कंपनी गेट पर पहुंच गए और उचित मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
विस्तार
केमिकल टैंक में गिरा था कमलकांत
परिवार के अनुसार, 7 सितम्बर की सुबह कमल कांत ड्यूटी पर गया था। करीब आठ बजे सूचना मिली कि वह अचानक केमिकल टैंक में गिर गया है। गंभीर हालत में उसे तुरंत जयपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां दो दिन तक इलाज के बाद गुरुवार को उसकी मौत हो गई। इस दुखद घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा था मृतक
मृतक के पिता ने बताया कि कमल कांत के छोटे-छोटे बच्चे हैं और परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा वही था। परिवार का कहना है कि बच्चों के भविष्य को देखते हुए कंपनी प्रबंधन को जिम्मेदारी लेते हुए उचित मुआवजा देना चाहिए, ताकि परिवार को न्याय मिल सके।
घटना की जानकारी मिलते ही कोटपूतली डीएसपी राजेन्द्र बुरडक पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच वार्ता जारी है। जल्द ही समझौता होने की उम्मीद है। स्थिति को देखते हुए कंपनी परिसर और गेट पर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
ये भी पढ़ें- Balotra News: बुझेगी 24 हजार से अधिक लोगों की प्यास, यहां बनेगा बड़ा जलाशय;15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन
तनाव का माहौल
धरने के चलते कंपनी परिसर में दिनभर तनाव का माहौल बना रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मृतक परिवार को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, आसपास के लोगों और मजदूर संगठनों ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया और पीड़ित परिवार को मदद की मांग की। इस हादसे ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मजदूर संगठनों का कहना है कि फैक्ट्री प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

कंपनी के गेट पर मौजूद धरनार्थी।
ये भी पढ़ें- Rajasthan News: एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, 50 करोड़ रु. का मादक पदार्थ जब्त; मोस्टवांटेड तस्कर गिरफ्तार