Kotputli-Behror News: खनन विवाद ने लिया हिंसक रूप, पथराव-मारपीट मामले में तीन आरोपी दबोचे गए; कई और रडार पर
कोटपूतली-बहरोड़ के अजीतपुरा कलां में नेशनल लाइम स्टोन कंपनी और ग्रामीणों के बीच हुए पथराव, मारपीट और तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। न्यायालय ने सभी आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोटपूतली-बहरोड़ के सरूण्ड थाना क्षेत्र के ग्राम अजीतपुरा कलां में नेशनल लाइम स्टोन कंपनी और ग्रामीणों के बीच हुए पथराव, मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड़ सतवीर सिंह के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान और पुलिस उपाधीक्षक राजेन्द्र कुमार बुरड़क के सुपरविजन में सरूण्ड थानाधिकारी यशपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
यह था मामला
पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को ग्राम अजीतपुरा कलां और कुजोता के मध्य स्थित नेशनल लाइम स्टोन कंपनी के स्वीकृत खनन क्षेत्र (लीज संख्या 259/1994) को लेकर कंपनी और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया था। विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया और दोनों पक्षों के बीच पथराव, मारपीट तथा तोड़फोड़ की घटना हुई। घटना के संबंध में सरूण्ड थाने में प्रकरण संख्या 133/2026 एवं 134/2026 दर्ज किए गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया और घटना में शामिल लोगों की पहचान सुनिश्चित की गई।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
- दीपक कुमार (29), पुत्र वीरेन्द्र सिंह यादव, निवासी ढीकवाड़, थाना मांढण, जिला कोटपूतली-बहरोड़।
- सुनील पांचाल (20), पुत्र घनश्याम पांचाल, निवासी दंगाल चौक, बानसूर।
- अनुराग सिंह शेखावत (22), पुत्र श्योराम सिंह शेखावत, निवासी बालास रोड, बानसूर।
गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा
प्रकरण संख्या 133/2026 में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 तथा एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीन दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त हुआ।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

अजीतपुरा कलां पथराव एवं मारपीट मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस गिरफ्त में।