{"_id":"6a6997dc4315095099075e8d","slug":"makrana-school-assault-case-massive-protest-erupts-three-suspects-detained-2026-07-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"मकराना शर्मसार: साढ़े तीन साल की मासूम के साथ दरिंदगी पर फूटा गुस्सा, पूरी रात चला धरना, 3 संदिग्ध हिरासत में","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मकराना शर्मसार: साढ़े तीन साल की मासूम के साथ दरिंदगी पर फूटा गुस्सा, पूरी रात चला धरना, 3 संदिग्ध हिरासत में
Wed, 29 Jul 2026 11:34 AM IST
नागौर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नागौर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नागौर
Published by: नागौर ब्यूरो
Updated Wed, 29 Jul 2026 11:34 AM IST
सार
मकराना स्थित एक निजी स्कूल में साढ़े तीन वर्षीय मासूम के साथ कथित यौन दुराचार का मामला सामने आने के बाद शहर में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में परिजनों और सामाजिक संगठनों ने स्कूल के बाहर पूरी रात धरना देकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
विज्ञापन
स्कूल के बाहर धरने पर बैठे लोग
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पवित्र पर्व 'गुरु पूर्णिमा' के दिन शिक्षा के मंदिर को कलंकित कर देने वाली एक बेहद शर्मनाक और हृदय विदारक घटना सामने आई है। मकराना शहर स्थित निजी स्कूल में अध्ययनरत साढ़े तीन वर्ष की मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म और दरिंदगी के मामले ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। घटना के विरोध में आक्रोशित परिजनों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने पूरी रात स्कूल के बाहर धरना देकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
पुलिस को सौंपी गई रिपोर्ट के अनुसार मासूम बच्ची जब सोमवार को स्कूल से घर लौटी तो उसने रोते हुए अपनी मां को आपबीती बताई। बच्ची ने बताया कि एक "अंकल" उसे स्कूल के बाथरूम में ले गया और उसके साथ गलत हरकत की। बच्ची ने शरीर में असहनीय दर्द की शिकायत भी की। आशंका होने पर परिजन बच्ची को तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में यौन दुराचार की आशंका जताई। इसके बाद परिजन न्याय की गुहार लेकर परबतसर थाने पहुंचे।
विज्ञापन
मंगलवार रात जैसे ही घटना की खबर शहर में फैली, सैकड़ों की संख्या में लोग स्कूल के बाहर एकत्रित हो गए। आक्रोशित लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर रास्ता जाम कर दिया और अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। जाम की सूचना मिलते ही वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल और मकराना थानाधिकारी पंकज कुमार भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद सड़क से जाम तो हटा लिया गया लेकिन प्रदर्शनकारी पूरी रात स्कूल के बाहर धरने पर डटे रहे।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Rajasthan: 3 साल बाद मिला इंसाफ! पत्नी की हत्या कर शव ठिकाने लगाने वाले पति; ससुर और दो देवर को उम्रकैद
धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक श्रीराम भींचर पूरी रात प्रदर्शनकारियों के साथ सड़क पर डटे रहे। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए कहा कि पीड़ित परिवार सुबह ही थाने पहुंच गया था लेकिन संवेदनशील मामला होने के बावजूद बच्ची का मेडिकल रात 11 बजे के बाद कराया गया। यदि पुलिस समय पर त्वरित कार्रवाई करती तो आरोपी अब तक सलाखों के पीछे होता। जब तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा।"
मासूम से हुई इस दरिंदगी की गूंज राजनीतिक गलियारों में भी सुनाई दी। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल और पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा ने मामले का संज्ञान लेते हुए उच्च पुलिस अधिकारियों से वार्ता की। दोनों नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाने के निर्देश दिए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल का कहना है कि पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने मामले में अब तक तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि एक आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। शिक्षा के मंदिर में घटी इस घिनौनी घटना से पूरे मकराना शहर में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। एक तरफ जहां सामाजिक संगठन और परिजन न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं, वहीं दूसरी तरफ यह पूरा मामला अब पुलिस जांच का विषय है। शहरवासी जल्द से जल्द दरिंदों की गिरफ्तारी और उन्हें कठोरतम सजा मिलने का इंतजार कर रहे हैं।