सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jailed for Reels Influencer Among 4 Arrested for Scaring People with Fake Snake for Prank Video

रील के चक्कर में 'जेल': नकली सांप से लोगों को डराना पड़ा भारी, सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर समेत चार गिरफ्तार

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर Published by: उदयपुर ब्यूरो Updated Wed, 17 Jun 2026 08:30 AM IST
विज्ञापन
सार

उदयपुर में फतेहसागर झील किनारे नकली सांप से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को डराने का प्रैंक चार युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। बाद में कोर्ट से जमानत मिली और आरोपियों ने माफी भी मांगी।

Jailed for Reels Influencer Among 4 Arrested for Scaring People with Fake Snake for Prank Video
उदयपुर में नकली सांप से प्रैंक करना पड़ा भारी - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार

सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में किया गया एक प्रैंक उदयपुर के चार युवकों को भारी पड़ गया। फतेहसागर झील किनारे पर्यटकों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर नकली सांप फेंककर डराने का वीडियो बनाने वाले चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर भी शामिल बताया जा रहा है।


पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें एडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। वहीं, पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आरोपियों का एक माफीनामा वीडियो भी साझा किया है, जिसमें चारों युवक हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने का वादा कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


फतेहसागर झील किनारे बनाया था प्रैंक वीडियो
जानकारी के अनुसार 13 जून को चार युवकों ने उदयपुर की प्रसिद्ध फतेहसागर झील के किनारे नकली सांप का इस्तेमाल कर प्रैंक वीडियो शूट किया था। वीडियो में देखा गया कि सांप जैसी वस्तु देखकर कई पर्यटक, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घबरा गए। कुछ लोग डर के कारण वहां से भागने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
विज्ञापन


सोशल मीडिया पर अपलोड होते ही मचा बवाल
प्रैंक वीडियो शूट करने के बाद आरोपियों ने इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस तरह के खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार पर नाराजगी जताई। कई लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग भी की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और वीडियो में दिखाई दे रहे चारों युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

ऐसे बढ़ी कार्रवाई की प्रक्रिया
  • 13 जून: फतेहसागर झील किनारे नकली सांप से प्रैंक वीडियो बनाया गया
  • 14 जून: वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया
  • 15 जून: वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया
  • 16 जून: एडीएम कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को जमानत मिल गई

ये भी पढ़ें-  राजस्थान: जैसलमेर से ISI का संदिग्ध एजेंट गिरफ्तार, बॉर्डर पर दुकान खोलकर लीक कर रहा था BSF का मूवमेंट

एसपी बोलीं- लाइक्स के लिए लोगों की जान जोखिम में नहीं डाल सकते
उदयपुर की पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के प्रैंक और रील बनाना न केवल गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि कई मामलों में कानून का उल्लंघन भी माना जा सकता है। ऐसे वीडियो लोगों में भय और अफरा-तफरी पैदा करते हैं, जिससे दुर्घटना या किसी अप्रिय घटना की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल लाइक्स, फॉलोअर्स और व्यूज हासिल करने के लिए आम लोगों को डराना स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे कंटेंट पर लगातार नजर रख रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस ने लोगों से की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या आपातकालीन नंबर 100 और 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed